Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर प्रशासन की पैनी नजर, कंट्रोल रूम पहुंचे आयुक्त आनंद स्वरूप और डीएम मयूर दीक्षित… सीसीटीवी से हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों की निगरानी, अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश

कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर प्रशासन की पैनी नजर, कंट्रोल रूम पहुंचे आयुक्त आनंद स्वरूप और डीएम मयूर दीक्षित…

सीसीटीवी से हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों की निगरानी, अधिकारियों को भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश

हरिद्वार, 24 नवंबर 2026। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार में जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) पहुंचकर मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त और जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हरकी पैड़ी सहित शहर के प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों से विभिन्न घाटों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।

आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें। सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी स्थान पर भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम स्नान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ड्यूटी पर तैनात जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी घाटों और प्रमुख मार्गों पर व्यवस्थाओं की निगरानी करें तथा पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल बनाए रखें।

डीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थान पर भीड़ एकत्र होने या यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में बिना देरी किए आवश्यक कार्रवाई की जाए। आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखी जाएं और महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी लगातार कंट्रोल रूम को दी जाए।

प्रशासन की ओर से कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए घाटों, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button