Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

धनपुरा में हटी मौत की हाईटेंशन लाइन, मासूम के झुलसने के बाद जागा बिजली विभाग….. डेढ़ साल से लटका था मामला, हादसे के बाद 24 घंटे में हुई कार्रवाई; मौ. सलीम और मुस्तफा अंसारी की पैरवी व मीडिया की खबरों के बाद ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

धनपुरा में हटी मौत की हाईटेंशन लाइन, मासूम के झुलसने के बाद जागा बिजली विभाग…..

डेढ़ साल से लटका था मामला, हादसे के बाद 24 घंटे में हुई कार्रवाई; मौ. सलीम और मुस्तफा अंसारी की पैरवी व मीडिया की खबरों के बाद ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत

हरिद्वार (धनपुरा), 24 नवंबर। धनपुरा गांव में आखिरकार सैकड़ों परिवारों को बड़े खतरे से राहत मिल गई। मकानों की छतों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन को बिजली विभाग ने 24 नवंबर को हटाने का काम पूरा कर दिया। गौरतलब है कि 22 नवंबर को इसी बिजली लाइन की चपेट में आने से 8 वर्षीय मासूम बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई थी। घटना के बाद मामला मीडिया में प्रमुखता से उठा, जिसके बाद बिजली विभाग ने तेजी से कार्रवाई शुरू की।

हादसे के बाद हरकत में आया विभाग, 24 घंटे में बदली तस्वीर

मासूम बच्ची के साथ हुए हादसे के बाद 23 नवंबर को बिजली विभाग की टीम धनपुरा गांव पहुंची और लाइन शिफ्ट करने के लिए सर्वे किया। इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता मौ. सलीम ने अधिकारियों के सामने ग्रामीणों की समस्या रखते हुए पुराने विवादित रास्ते के बजाय दूसरे सुरक्षित रास्ते से बिजली लाइन ले जाने का सुझाव दिया। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लिया और अगले ही दिन यानी 24 नवंबर को हाईटेंशन लाइन हटाने का काम पूरा कर दिया।

डेढ़ साल से अटका था जनहित का काम

ग्रामीणों के अनुसार, करीब डेढ़ साल पहले विधायक निधि से बिजली लाइन हटाने का काम शुरू कराया गया था, लेकिन एक स्थानीय किसान की आपत्ति के चलते काम बीच में ही रुक गया। इसके बाद सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला लंबे समय तक लटका रहा। मकानों की छतों के ऊपर से गुजरती 11 हजार वोल्ट की लाइन के कारण ग्रामीण हमेशा किसी बड़े हादसे की आशंका में जी रहे थे।

18 मई 2026 को मौ. सलीम, उपप्रधान सलीम अहमद और क्षेत्र पंचायत सदस्य मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरिद्वार को प्रार्थना पत्र सौंपा था। इसमें प्रस्तावित रास्ते की राजस्व विभाग से पैमाइश कराने और बिजली लाइन को सुरक्षित रास्ते से शिफ्ट करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद लंबे समय तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया।

विधायक निधि से शुरुआत, लेकिन विवाद में रुक गया काम

इस मामले पर सामाजिक कार्यकर्ता मौ. सलीम ने कहा कि वह वर्तमान विधायक का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने शुरुआत में बिजली लाइन शिफ्ट कराने के लिए अपनी निधि से धनराशि जारी की थी। हालांकि, एक किसान की आपत्ति के बाद जनहित के इस काम को रोकने के बजाय विवाद का समाधान निकालकर आगे बढ़ाया जाना चाहिए था। ऐसा नहीं होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय तक खतरे के साये में रहना पड़ा।

मौ. सलीम और मुस्तफा अंसारी ने लगातार उठाई ग्रामीणों की आवाज

मासूम बच्ची के साथ हुए हादसे के बाद मौ. सलीम ने एक बार फिर इस मामले को अधिकारियों के सामने मजबूती से उठाया। उपप्रधान सलीम अहमद और क्षेत्र पंचायत सदस्य मुस्तफा अंसारी सहित ग्रामीण भी लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग कर रहे थे। स्थानीय पत्रकारों ने भी खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके बाद बिजली विभाग की टीम गांव पहुंची और कार्रवाई को आगे बढ़ाया।

मौ. सलीम का कहना है कि इस पूरे मामले में उनकी पैरवी और प्रयासों की पुष्टि बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों से भी की जा सकती है, जो शुरुआत से इस समस्या से अवगत रहे हैं।

ग्रामीणों ने ली राहत की सांस, विभाग का जताया आभार

24 नवंबर को हाईटेंशन लाइन हटने के बाद धनपुरा के ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लंबे समय से मकानों के ऊपर से गुजर रही खतरनाक बिजली लाइन के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित रहते थे।

ग्रामीणों का कहना है कि अब उन्हें उम्मीद है कि भविष्य में किसी दूसरे मासूम या परिवार को इस तरह के हादसे का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग, प्रशासन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और समस्या को प्रमुखता से उठाने वाले पत्रकारों का आभार जताया।

डेढ़ साल से अटका काम, एक दर्दनाक हादसे के बाद पूरा हुआ। अब धनपुरा के परिवारों ने राहत की सांस ली है।

Related Articles

Back to top button