Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

अंकिता हत्याकांड: सुरेश राठौर  मेडिकल जांच में अनफिट; फिलहाल नहीं होगा नार्को टेस्ट, गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे… सिर की पुरानी चोट बनी टेस्ट में बाधा, ये बताई वजह; कथित VIP विवाद में सीबीआई जांच के बीच बढ़ा सस्पेंस

अंकिता हत्याकांड: सुरेश राठौर  मेडिकल जांच में अनफिट; फिलहाल नहीं होगा नार्को टेस्ट, गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे…

सिर की पुरानी चोट बनी टेस्ट में बाधा, ये बताई वजह; कथित VIP विवाद में सीबीआई जांच के बीच बढ़ा सस्पेंस

देहरादून/हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित VIP विवाद में पूर्व विधायक सुरेश राठौर को बड़ा झटका लगा है। गुजरात के गांधीनगर में नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट की प्रक्रिया से पहले हुई मेडिकल जांच में उन्हें अनफिट घोषित कर दिया गया है। इसके चलते फिलहाल उनका पॉलीग्राफ टेस्ट नहीं हो सकेगा। अब सुरेश राठौर गांधीनगर से हरिद्वार लौट रहे हैं।

सुरेश राठौर के बेटे लक्की राठौर के मुताबिक, गुरुवार को आई मेडिकल रिपोर्ट में उनके पिता को टेस्ट के लिए अनफिट बताया गया। इसकी वजह कई साल पहले हुआ सड़क हादसा है, जिसमें उनके सिर पर चोट लगी थी। मेडिकल परीक्षण के दौरान पुरानी चोट के निशान सामने आने के बाद उन्हें अनफिट घोषित किया गया।

23 नवंबर को गांधीनगर पहुंचे थे सुरेश राठौर

जानकारी के अनुसार, सुरेश राठौर 23 नवंबर को हरिद्वार से गांधीनगर के लिए रवाना हुए थे। कथित ऑडियो-वीडियो और उसमें VIP के जिक्र को लेकर सीबीआई जांच के सिलसिले में उनके और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के टेस्ट की प्रक्रिया चर्चा में थी। लेकिन मेडिकल जांच में अनफिट होने के कारण सुरेश राठौर की टेस्ट प्रक्रिया फिलहाल रुक गई है। उर्मिला सनावर के टेस्ट को लेकर स्थिति अलग है।

कथित VIP के नाम से उत्तराखंड की राजनीति में मचा था बवाल

अंकिता भंडारी हत्याकांड दिसंबर 2025 में एक बार फिर उस समय सुर्खियों में आया, जब सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बीच बातचीत के कथित ऑडियो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इनमें हत्याकांड से जुड़े एक कथित VIP का जिक्र होने का दावा किया गया था।

वायरल रिकॉर्डिंग को लेकर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और पूर्व प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार के नाम भी कथित तौर पर सामने आने के दावे किए गए। हालांकि, इन दावों की प्रमाणिकता जांच का विषय है। दुष्यंत कुमार गौतम ने आरोपों को खारिज करते हुए इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया था।

दिल्ली हाईकोर्ट से मिली थी अंतरिम राहत

विवाद के बाद दुष्यंत कुमार गौतम ने दिल्ली हाईकोर्ट में मानहानि याचिका दायर की थी। जनवरी 2026 में अदालत ने अंतरिम राहत देते हुए कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कुछ सोशल मीडिया हैंडल को संबंधित आपत्तिजनक सामग्री हटाने के निर्देश दिए थे। वहीं, गौतम की शिकायत पर सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून के डालनवाला थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी।

सीबीआई जांच के बीच अब आगे क्या?

सीबीआई इस पूरे प्रकरण में संबंधित लोगों से पूछताछ कर चुकी है। सुरेश राठौर से हरिद्वार में पूछताछ की गई थी, जबकि उर्मिला सनावर ने देहरादून में जांच एजेंसी के समक्ष अपने बयान दर्ज कराए थे। अब सुरेश राठौर की मेडिकल अनफिट रिपोर्ट के बाद जांच की अगली प्रक्रिया पर नजरें टिकी हैं।

क्या है पूरा अंकिता भंडारी हत्याकांड?

18 सितंबर 2022 को पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में 19 वर्षीय रिसेप्शनिस्ट अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

मामले में एक कथित VIP को अतिरिक्त सुविधाएं देने के दबाव की बात भी सामने आई थी। अंकिता के परिजन लगातार उस कथित VIP की पहचान उजागर करने और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग करते रहे हैं।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि सुरेश राठौर के मेडिकल अनफिट होने के बाद जांच एजेंसी आगे क्या कदम उठाती है और कथित VIP विवाद की सच्चाई कब सामने आती है।

Related Articles

Back to top button