वीकेंड पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर खुद उतरे मैदान में,, हर की पौड़ी, घाटों और हाईवे का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,, “श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात हमारी प्राथमिकता” — उमस भरे मौसम में ड्यूटी कर रहे जवानों का बढ़ाया हौसला

वीकेंड पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, कप्तान नवनीत सिंह भुल्लर खुद उतरे मैदान में,,
हर की पौड़ी, घाटों और हाईवे का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश,,
“श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यातायात हमारी प्राथमिकता” — उमस भरे मौसम में ड्यूटी कर रहे जवानों का बढ़ाया हौसला

हरिद्वार में वीकेंड के चलते श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने के बीच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वयं मैदान में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। रविवार को उन्होंने हर की पौड़ी सहित विभिन्न प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों और राष्ट्रीय राजमार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, ग्रीष्मकालीन अवकाश और वीकेंड के चलते हरिद्वार में लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है, ऐसे में सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने हर की पौड़ी क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही, बैरिकेडिंग व्यवस्था, घाटों की सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए किए गए इंतजामों का भी बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थान पर अनावश्यक भीड़ जमा न होने दी जाए और श्रद्धालुओं को सुगमता से गंतव्य तक पहुंचाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी एसएसपी ने विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने यातायात पुलिस को क्रेन हर समय तैयार रखने के निर्देश देते हुए कहा कि यदि हाईवे या मुख्य मार्गों पर कोई वाहन खराब होता है तो उसे तत्काल हटाकर यातायात को सुचारू किया जाए, ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उमस भरे मौसम और लगातार बढ़ते दबाव के बीच ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों से भी एसएसपी ने मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने जवानों की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में पुलिसकर्मी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा उनकी मेहनत ही व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहायक है।
हरिद्वार पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त व्यवस्थाएं लागू करने की तैयारी भी रखी गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, जिससे सभी की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।



