उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 43 धार्मिक स्थलों से हटे नियम विरुद्ध लाउडस्पीकर ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ चला विशेष अभियान, बिना अनुमति और तय सीमा से अधिक आवाज वाले उपकरण हटाए गए एसएसपी की दो टूक चेतावनी— नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, अभियान रहेगा जारी

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर दून पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 43 धार्मिक स्थलों से हटे नियम विरुद्ध लाउडस्पीकर

ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ चला विशेष अभियान, बिना अनुमति और तय सीमा से अधिक आवाज वाले उपकरण हटाए गए

एसएसपी की दो टूक चेतावनी— नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, अभियान रहेगा जारी

देहरादून। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी निर्देशों के अनुपालन में देहरादून पुलिस ने जिलेभर में व्यापक अभियान चलाते हुए 43 धार्मिक स्थलों से नियमों के विरुद्ध संचालित लाउडस्पीकर हटवा दिए। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश गया है कि अब बिना अनुमति या निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में पुलिस और उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ऐसे स्थानों की पहचान की गई, जहां लाउडस्पीकर बिना वैध अनुमति के लगाए गए थे या उनकी आवाज निर्धारित मानकों से अधिक पाई गई। टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ऐसे सभी उपकरण हटवाए और संबंधित प्रबंधन समितियों को भविष्य में नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने धार्मिक स्थलों के संचालकों और जिम्मेदार व्यक्तियों को ध्वनि प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट और प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संचालन के लिए सक्षम प्राधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य है तथा निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना भी आवश्यक है। नियमों की अनदेखी करने पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

देहरादून पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई किसी विशेष समुदाय या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि कानून के समान अनुपालन और सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस का लक्ष्य धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए आम नागरिकों को ध्वनि प्रदूषण से राहत दिलाना और न्यायालय के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना है।

जिले में कानून व्यवस्था और सार्वजनिक शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि भविष्य में कोई व्यक्ति, संस्था या धार्मिक स्थल बिना अनुमति लाउडस्पीकर संचालित करता है या निर्धारित ध्वनि सीमा का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी धार्मिक संस्थानों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन करना सभी की साझा जिम्मेदारी है।

देहरादून पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों के पालन की समीक्षा की जाएगी, ताकि शहर में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे और न्यायालय के निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नियमों के विपरीत लाउडस्पीकर संचालित होते दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button