उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

देवभूमि उत्तराखंड में धामी सरकार का बड़ा एक्शन, हरिद्वार में 94 धार्मिक स्थलों से मानक विरुद्ध लाउडस्पीकर हटाए गए,, सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर शहर से देहात तक चला व्यापक अभियान,, 31 शहर और 63 ग्रामीण क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों से हटाए गए ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर रहे लाउडस्पीकर, भविष्य में नियम तोड़ने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई,,

देवभूमि उत्तराखंड में धामी सरकार का बड़ा एक्शन, हरिद्वार में 94 धार्मिक स्थलों से मानक विरुद्ध लाउडस्पीकर हटाए गए,,

सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के शत-प्रतिशत अनुपालन के लिए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर शहर से देहात तक चला व्यापक अभियान,,

31 शहर और 63 ग्रामीण क्षेत्रों के धार्मिक स्थलों से हटाए गए ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर रहे लाउडस्पीकर, भविष्य में नियम तोड़ने वालों पर होगी वैधानिक कार्रवाई,,

हरिद्वार। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और कानून के समान अनुपालन के संकल्प के तहत हरिद्वार पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण को लेकर बड़ा अभियान चलाया है। माननीय सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हरिद्वार के निर्देश पर जनपद के शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित लाउडस्पीकरों पर कार्रवाई की गई। मीडिया सेल हरिद्वार द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने धार्मिक स्थलों पर लगे ध्वनि विस्तारक यंत्रों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में संचालित हो रहे लाउडस्पीकरों को हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान शहर क्षेत्र से 31 तथा देहात क्षेत्र से 63, कुल 94 लाउडस्पीकर धार्मिक स्थलों से हटवाए गए।

पुलिस अधिकारियों ने संबंधित धार्मिक संस्थाओं, प्रबंधकों एवं समितियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में बिना सक्षम अनुमति और निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन किए बिना किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर का संचालन न किया जाए। साथ ही सभी को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देकर उनका पालन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया।

हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी धर्म, समुदाय या संस्था विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि कानून और न्यायालय के आदेशों के समान अनुपालन के उद्देश्य से चलाया गया है। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और सार्वजनिक शांति बनाए रखना पुलिस एवं प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसलिए नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

एसएसपी हरिद्वार ने कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति, संस्था या समिति बिना अनुमति अथवा निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर संचालित करती पाई जाती है तो उसके विरुद्ध संबंधित अधिनियमों एवं नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

हरिद्वार पुलिस की इस कार्रवाई को प्रदेश में कानून के राज और न्यायालय के आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। प्रशासन ने आमजन, धार्मिक संस्थाओं और आयोजकों से अपील की है कि वे ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का पालन करें और सामाजिक सौहार्द तथा सार्वजनिक शांति बनाए रखने में सहयोग करें।

Related Articles

Back to top button