हरिद्वार में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दो तस्कर गिरफ्तार, 15.02 ग्राम स्मैक बरामद!,, रानीपुर पुलिस की घेराबंदी में फंसे बाइक सवार तस्कर, हरिद्वार में स्मैक की सप्लाई से पहले दबोचे गए; तस्करी में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त,, पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा, भाई के जरिए होती थी स्मैक की सप्लाई; पुलिस अब सप्लायर की तलाश में लगातार दे रही दबिश,,

हरिद्वार में नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा प्रहार: ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत दो तस्कर गिरफ्तार, 15.02 ग्राम स्मैक बरामद!,,
रानीपुर पुलिस की घेराबंदी में फंसे बाइक सवार तस्कर, हरिद्वार में स्मैक की सप्लाई से पहले दबोचे गए; तस्करी में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त,,
पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा, भाई के जरिए होती थी स्मैक की सप्लाई; पुलिस अब सप्लायर की तलाश में लगातार दे रही दबिश,,
हरिद्वार। जनपद में नशे के कारोबार की कमर तोड़ने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हरिद्वार पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के सख्त निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 15.02 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की देर रात सुमननगर बंधा नंबर-09 से सलेमपुर की ओर आने वाली कच्ची सड़क पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान एक आरोपी अब्दुला के कब्जे से 8.24 ग्राम तथा दूसरे आरोपी समीर के कब्जे से 6.78 ग्राम स्मैक बरामद हुई। कुल 15.02 ग्राम अवैध स्मैक बरामद होने पर दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने नशे के कारोबार से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। मुख्य आरोपी अब्दुला ने पुलिस को बताया कि उसका भाई परवेज उसे स्मैक उपलब्ध कराता है, जबकि वह अपने साथी समीर के साथ मिलकर करीब 300 रुपये प्रति पुड़िया के हिसाब से इसकी बिक्री करता था। घटना वाले दिन भी दोनों हरिद्वार क्षेत्र में स्मैक बेचने के उद्देश्य से जा रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
पुलिस ने इस मामले में कोतवाली रानीपुर में मु0अ0सं0 243/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर अब स्मैक की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी परवेज की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है और जल्द ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अब्दुला (28 वर्ष) निवासी ग्राम राजपुर, कोतवाली रानीपुर तथा समीर (22 वर्ष) निवासी गढ़मीरपुर, थाना रानीपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार (चौकी प्रभारी सुमननगर), कांस्टेबल महेन्द्र तोमर, कांस्टेबल दीपक रावत और होमगार्ड अनिल कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि देवभूमि को नशामुक्त बनाने के अभियान में किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा और नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने तक कार्रवाई जारी रहेगी।



