निर्जला एकादशी स्नान पर्व पर हरिद्वार में हाई अलर्ट! लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए पुलिस का मेगा ट्रैफिक प्लान लागू,, 24 जून रात 10 बजे से लागू होंगे विशेष प्रतिबंध, भारी वाहनों की एंट्री बंद; कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन,, बैरागी कैंप, लालजीवाला, नीलधारा समेत दर्जनों पार्किंग स्थल चिन्हित; SSP हरिद्वार के निर्देश पर तैयार की गई व्यापक यातायात व्यवस्था,,

निर्जला एकादशी स्नान पर्व पर हरिद्वार में हाई अलर्ट! लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ को संभालने के लिए पुलिस का मेगा ट्रैफिक प्लान लागू,,
24 जून रात 10 बजे से लागू होंगे विशेष प्रतिबंध, भारी वाहनों की एंट्री बंद; कई मार्गों पर रहेगा डायवर्जन,,
बैरागी कैंप, लालजीवाला, नीलधारा समेत दर्जनों पार्किंग स्थल चिन्हित; SSP हरिद्वार के निर्देश पर तैयार की गई व्यापक यातायात व्यवस्था,,
हरिद्वार में 25 जून 2026 को आयोजित होने वाले निर्जला एकादशी स्नान पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक यातायात एवं पार्किंग योजना जारी कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशानुसार तैयार किए गए इस विशेष ट्रैफिक प्लान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा, सुरक्षित स्नान एवं जाम मुक्त यातायात उपलब्ध कराना है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि स्नान पर्व के दौरान यातायात दबाव बढ़ने पर भारी वाहनों को जनपद की सीमाओं पर ही रोक दिया जाएगा। साथ ही विभिन्न मार्गों पर आवश्यकतानुसार डायवर्जन लागू किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें।
यातायात दबाव बढ़ने पर लागू होगी विशेष व्यवस्था
यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में नगला इमरती से आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग एवं होल्डिंग एरिया में भेजा जाएगा। यहां वाहनों को नियंत्रित तरीके से हरिद्वार शहर की ओर छोड़ा जाएगा। वहीं ऋषिकेश से आने वाले मार्ग पर चीला रोड का उपयोग केवल निकासी मार्ग के रूप में किया जाएगा।
सामान्य यातायात स्थिति में वाहनों को गुरुकुल कांगड़ी सर्विस लेन, सिंहद्वार और शंकराचार्य चौक के रास्ते शहर में प्रवेश दिया जाएगा। यदि टोल प्लाजा पर अत्यधिक दबाव बनता है तो नहर पटरी मार्ग को निकासी मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।
दिल्ली, मेरठ, पंजाब और हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूट
दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर, पंजाब और हरियाणा से आने वाले श्रद्धालुओं को नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचाया जाएगा।
इन श्रद्धालुओं के लिए अलकनंदा पार्किंग, दीनदयाल पार्किंग, पंतद्वीप पार्किंग तथा चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई हैं।
यदि यातायात का दबाव बढ़ता है तो वाहनों को नगला इमरती, लक्सर, फेरूपुर, जगजीतपुर, एसएम तिराहा, शनि चौक और मातृसदन पुलिया होते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
देहरादून, ऋषिकेश और चारधाम यात्रियों के लिए अलग व्यवस्था
देहरादून और ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालु नेपाली फार्म, रायवाला और हरिद्वार मार्ग का उपयोग करेंगे। इनके लिए लालजीवाला, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग निर्धारित की गई हैं।
चारधाम यात्रा से लौटने वाले और दिल्ली-मेरठ जाने वाले वाहनों को नेपाली फार्म, रायवाला, चंडी चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग-344 के माध्यम से भेजा जाएगा। वहीं नजीबाबाद जाने वाले वाहनों को चंडी चौकी और श्यामपुर के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रूट
नजीबाबाद और मुरादाबाद से आने वाले छोटे वाहनों को चिड़ियापुर, श्यामपुर, चंडी चौकी और चंडी चौक मार्ग से शहर में प्रवेश मिलेगा। इनके लिए दीनदयाल, पंतद्वीप और चमगादड़ टापू पार्किंग चिन्हित की गई हैं।
बड़े वाहनों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्हें नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
ऑटो और विक्रम चालकों के लिए भी विशेष व्यवस्था
यातायात दबाव बढ़ने पर ऋषिकेश, रायवाला और देहरादून से आने वाले ऑटो एवं विक्रम केवल जयराम मोड़ तक ही संचालित होंगे और वहीं से वापस लौटेंगे।
ज्वालापुर और जटवाड़ा पुल क्षेत्र से आने वाले ऑटो-विक्रम रानीपुर मोड़, देवपुरा, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और शिवमूर्ति तिराहा होते हुए निर्धारित मार्गों पर संचालित किए जाएंगे।
ये प्रतिबंध रहेंगे लागू
पुलिस प्रशासन ने स्नान पर्व के दौरान कई महत्वपूर्ण प्रतिबंध भी लागू किए हैं—
🔴 24 जून रात्रि 10 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक शहर में सभी भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
🔴 24 जून रात्रि 10 बजे से बस, ट्रैक्टर और बड़े यात्री वाहनों को चमगादड़ टापू पार्किंग में भेजा जाएगा।
🔴 25 जून प्रातः 3 बजे से दिल्ली-मेरठ-मुजफ्फरनगर मार्ग से आने वाले बड़े वाहनों को नगला इमरती से डायवर्ट कर बैरागी कैंप पार्किंग में भेजा जाएगा।
🔴 24 जून मध्यरात्रि 12 बजे से स्नान पर्व समाप्ति तक देहरादून से आने वाले बड़े वाहन लालजीवाला पार्किंग तथा नजीबाबाद से आने वाले बड़े वाहन नीलधारा एवं गौरीशंकर पार्किंग में पार्क किए जाएंगे।
🔴 ललतारा पुल से शिवमूर्ति तिराहा तक सभी प्रकार के वाहन, ऑटो, विक्रम और टैक्सी का संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने का प्रयास न करें और पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं की संख्या और यातायात की वास्तविक स्थिति को देखते हुए डायवर्जन व्यवस्था में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है। निर्जला एकादशी स्नान पर्व को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस, प्रशासन और यातायात विभाग की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।



