हरिद्वार को मिली 235 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री धामी ने गंगा कॉरिडोर की चार मेगा परियोजनाओं का किया भूमि पूजन और शिलान्यास,, महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को मिलेगी नई रफ्तार, हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला और प्रशासनिक मार्ग का होगा विश्वस्तरीय विकास,, कांवड़ समीक्षा बैठक में सीएम का बड़ा संदेश—’सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’ हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, किसानों के लिए आम महोत्सव से भी दिए विकास के बड़े संदेश,,

हरिद्वार को मिली 235 करोड़ की सौगात: मुख्यमंत्री धामी ने गंगा कॉरिडोर की चार मेगा परियोजनाओं का किया भूमि पूजन और शिलान्यास,,
महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा की तैयारियों को मिलेगी नई रफ्तार, हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला और प्रशासनिक मार्ग का होगा विश्वस्तरीय विकास,,
कांवड़ समीक्षा बैठक में सीएम का बड़ा संदेश—’सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़’ हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, किसानों के लिए आम महोत्सव से भी दिए विकास के बड़े संदेश,,
*LIVE: हरिद्वार में उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड द्वारा संचालित हरिद्वार गंगा कॉरिडोर से सम्बन्धित परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम*
हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार दौरे के दौरान विकास, आस्था और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की चार बड़ी आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर धर्मनगरी को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय आध्यात्मिक नगरी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। इसके बाद उन्होंने कांवड़ मेला-2026 की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं कनखल स्थित आम महोत्सव में किसानों से संवाद करते हुए कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं का भी विस्तार से उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने अलकनंदा होटल में आयोजित कार्यक्रम में 43.25 करोड़ रुपये की लागत से प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना का भूमि पूजन किया। इसके साथ ही 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट पुनर्विकास, 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास तथा 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनर्विकास कार्यों का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ये सभी परियोजनाएं हरिद्वार को विश्वस्तरीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी बनाने के व्यापक विजन का हिस्सा हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर, केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और विवेकानंद कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।
चार प्रमुख परियोजनाओं से बदलेगी हरिद्वार की तस्वीर
हर की पैड़ी और सुभाष घाट पुनर्विकास परियोजना के अंतर्गत धनुष घाट का विस्तार, धनुष पुल, आस्था पथ, बोर्डवॉक पुल, पैदल मार्गों का सौंदर्यीकरण तथा आधुनिक भीड़ प्रबंधन व्यवस्था विकसित की जाएगी। वहीं हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं और आधारभूत संरचना का विस्तार किया जाएगा ताकि महाकुंभ और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, निगरानी प्रणाली, पैदल मार्ग और नागरिक सुविधाओं का विकास होगा। प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित की जाएगी जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ-2027 को इतिहास का सबसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन बनाने के लिए सरकार युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बहादराबाद-सिडकुल से शिवालिक नगर सड़क चौड़ीकरण, रोह नदी पर नया पुल, पतंजलि से फेरूपुर मार्ग का चौड़ीकरण, हेलीपोर्ट, पॉड टैक्सी, रोपवे और मेडिकल कॉलेज जैसी अनेक परियोजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
कांवड़ यात्रा पर सीएम सख्त, दिए कई अहम निर्देश
मेला नियंत्रण भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था का सबसे बड़ा पर्व है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “सुरक्षित कांवड़, सुव्यवस्थित कांवड़ और स्वच्छ कांवड़” राज्य सरकार का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। पूरे मेला क्षेत्र में सीसीटीवी, ड्रोन और एआई आधारित निगरानी प्रणाली का प्रभावी उपयोग हो। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
उन्होंने महिला श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त संख्या में पिंक टॉयलेट, मेडिकल कैंप, एंबुलेंस, चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ और प्रमुख घाटों पर वाटर एंबुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, जल पुलिस और अग्निशमन विभाग को पूरी तरह अलर्ट रखने को कहा।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि होटल, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए। लाइसेंस और पंजीकरण स्पष्ट रूप से प्रदर्शित हों तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में वीआईपी मूवमेंट के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
आम महोत्सव में किसानों को दिया बड़ा संदेश
कनखल स्थित आम महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के आम अपनी गुणवत्ता और स्वाद के लिए देशभर में पहचान रखते हैं तथा ऐसे आयोजन किसानों को नई पहचान देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बड़ा बाजार उपलब्ध कराते हैं।
*LIVE: कनखल, हरिद्वार में आयोजित ‘आम उत्सव’ कार्यक्रम*
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति तथा औषधीय एवं सुगंधित पौधों पर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि ‘हिमालय ब्रांड’ के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है। मुख्यमंत्री ने यूसीसी, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून को राज्य सरकार के ऐतिहासिक फैसले बताते हुए कहा कि उत्तराखंड विकास और सुशासन के नए मानक स्थापित कर रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न आम उत्पादकों और किसानों को सम्मानित किया तथा फलदार पौधे का रोपण भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक, राम सिंह कैड़ा, प्रदीप बत्रा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, आईजी कुंभ डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, मेलाधिकारी सोनिका सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, किसान और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



