कांवड़ यात्रा-2026: प्रशासन पूरी तरह अलर्ट,, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने विभागों की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों में तेजी लाने के दिए निर्देश,, सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा, शौचालय और ट्रैफिक व्यवस्था समयबद्ध पूरी करने के आदेश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

कांवड़ यात्रा-2026: प्रशासन पूरी तरह अलर्ट,,
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने विभागों की समीक्षा बैठक लेकर तैयारियों में तेजी लाने के दिए निर्देश,,
सड़क, बिजली, पेयजल, चिकित्सा, शौचालय और ट्रैफिक व्यवस्था समयबद्ध पूरी करने के आदेश, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
रुड़की। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचन्द्र शेट की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें यात्रा मार्ग से संबंधित सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर ली जाएं।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुचारू आवागमन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ पटरी और यात्रा मार्गों की मरम्मत कार्य में तेजी लाई जाए तथा सभी मार्गों को यात्रा शुरू होने से पहले पूरी तरह दुरुस्त कर लिया जाए।
बैठक में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, मोबाइल शौचालयों की उपलब्धता, नियमित सफाई अभियान तथा पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही यात्रा मार्गों पर स्ट्रीट लाइटों की समुचित व्यवस्था करने और रात के समय भी पर्याप्त रोशनी बनाए रखने के निर्देश दिए गए।संयुक्त मजिस्ट्रेट ने पुलिस विभाग को यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, डायवर्जन प्लान का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही अधिकारियों से कहा गया कि वे नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें और यदि कहीं कोई कमी दिखाई दे तो उसका तत्काल समाधान सुनिश्चित करें।
संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचन्द्र शेट ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाओं से युक्त यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी विभागों से समयबद्ध कार्य पूर्ण करने और गुणवत्ता के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एनएचएआई, नगर निगम, पुलिस विभाग, जल संस्थान, उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल), रोडवेज तथा रेलवे सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने यात्रा के सफल संचालन के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (देहात), तहसीलदार रुड़की, सीएमएस, एआरटीओ, एआरएम रोडवेज सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा-2026 को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी तैयारियां तय समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।



