कलियर क्षैत्र में गौकशी पर पुलिस का करारा प्रहार, 150 किलो संदिग्ध गौमांस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार! ऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर में संयुक्त छापेमारी, अवैध पशु कटान के उपकरण और तराजू भी बरामद,, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गौ तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी, उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

कलियर क्षैत्र में गौकशी पर पुलिस का करारा प्रहार, 150 किलो संदिग्ध गौमांस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार!
ऑपरेशन प्रहार के तहत पिरान कलियर में संयुक्त छापेमारी, अवैध पशु कटान के उपकरण और तराजू भी बरामद,,
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गौ तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान जारी, उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज
हरिद्वार। जनपद में गौकशी और अवैध पशु कटान के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए पिरान कलियर क्षेत्र से लगभग 150 किलो संदिग्ध गौमांस के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण स्क्वाड और कोतवाली पिरान कलियर पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान मौके से पशु कटान में इस्तेमाल होने वाले हथियार, कांटा-तराजू और अन्य सामान भी बरामद किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपदभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस लगातार गौकशी और अवैध पशु कटान में लिप्त लोगों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में 10 जुलाई 2026 को संयुक्त टीम गश्त और चेकिंग के दौरान कलियर स्थित तेलियों वाली मस्जिद के पास एक मीट की दुकान पर पहुंची। पुलिस के अनुसार दुकान के भीतर दो व्यक्ति मांस की काट-छांट करते मिले।
तलाशी के दौरान पुलिस ने लगभग 150 किलो संदिग्ध गौमांस, एक कुल्हाड़ी, दो छुरियां, एक चापड़, एक कांटा-तराजू और सात बाट बरामद किए। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह मांस दुकान संचालक द्वारा लाया गया था और क्षेत्र में बेचने की तैयारी की जा रही थी। पुलिस ने मौके से अफरोज पुत्र नाजिर तथा कलीम पुत्र वहीद, दोनों निवासी वार्ड नंबर-1, पिरान कलियर, को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 154/2026 के तहत उत्तराखण्ड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 5/11 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक शरद सिंह, कांस्टेबल पूरन सिंह दानू, उत्तराखण्ड गौवंश संरक्षण स्क्वाड के कांस्टेबल प्रवीण कुमार, हेड कांस्टेबल अनीस अहमद तथा कांस्टेबल प्रकाश मनराल की अहम भूमिका रही।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौकशी, गौ तस्करी और अवैध पशु कटान के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।



