हरिद्वार में शिक्षा की नई उड़ान: डीएम मयूर दीक्षित ने तीन सरकारी स्कूलों में STEM रोबोटिक्स लैब का किया शुभारंभ,, रिलैक्सो फुटवियर्स के CSR अभियान के तहत 3000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा किट वितरण की शुरुआत, विज्ञान और नवाचार आधारित शिक्षा को मिलेगा नया आयाम,, मिड-डे मील, स्वच्छता, पेयजल और डिजिटल शिक्षा केंद्र का भी किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

हरिद्वार में शिक्षा की नई उड़ान: डीएम मयूर दीक्षित ने तीन सरकारी स्कूलों में STEM रोबोटिक्स लैब का किया शुभारंभ,,
रिलैक्सो फुटवियर्स के CSR अभियान के तहत 3000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा किट वितरण की शुरुआत, विज्ञान और नवाचार आधारित शिक्षा को मिलेगा नया आयाम,,
मिड-डे मील, स्वच्छता, पेयजल और डिजिटल शिक्षा केंद्र का भी किया निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
हरिद्वार, 22 जुलाई। हरिद्वार जनपद में सरकारी विद्यालयों की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में बुधवार को विकासखंड लक्सर स्थित पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, मुण्डाखेड़ा कलां में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) कार्यक्रम के अंतर्गत तीन राजकीय विद्यालयों में अत्याधुनिक STEM Robotics Lab का शुभारंभ किया गया। साथ ही करीब 3000 छात्र-छात्राओं को शिक्षा किट वितरण अभियान की भी शुरुआत की गई।
यह पहल “परिवर्तन आदर्श विद्यालय परियोजना” के अंतर्गत की गई है, जिसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देना और विद्यार्थियों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियंत्रिकी एवं गणित (STEM) विषयों की व्यवहारिक शिक्षा से जोड़ना है। नई रोबोटिक्स लैब के माध्यम से छात्र-छात्राएं आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की दिशा में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त कर सकेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड द्वारा हरिद्वार जनपद के 100 से अधिक विद्यालयों में शिक्षा सुधार के लिए किए गए कार्य अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में आधुनिक तकनीक और नवाचार आधारित संसाधन उपलब्ध कराने से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण करते हुए परियोजना के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं को जाना और रिलैक्सो तथा ममता HIMC के सहयोग से तैयार किए गए विज्ञान एवं नवाचार आधारित मॉडल और प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया। बच्चों के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने उन्हें निरंतर नवाचार और विज्ञान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं का भी गहन निरीक्षण किया। उन्होंने मिड-डे मील की गुणवत्ता का जायजा लेते हुए निर्धारित मेन्यू के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि भोजन में नियमित रूप से हरी सब्जियां एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल किए जाएं ताकि विद्यार्थियों को संतुलित और गुणवत्तापूर्ण पोषण मिल सके।
विद्यालय में छात्राओं के शौचालयों की साफ-सफाई, स्वच्छता एवं रखरखाव की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा विद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उन्होंने हर समय स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और आवश्यकतानुसार सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत स्तरीय डिजिटल साक्षरता केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां संचालित शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए बच्चों के लिए चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्र में पर्याप्त विद्युत व्यवस्था बनाए रखने तथा बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला ने कहा कि वर्तमान समय में STEM लैब शिक्षा व्यवस्था की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुकी है। ऐसी प्रयोगशालाएं विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तकनीकी दक्षता और नवाचार की भावना विकसित करती हैं। उन्होंने भविष्य में अधिक से अधिक विद्यालयों में इस प्रकार की प्रयोगशालाएं स्थापित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चन्द ने कहा कि STEM Robotics Lab विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का प्रभावी माध्यम है। इससे बच्चों को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अभियंत्रिकी और गणित जैसे विषयों को व्यवहारिक रूप से समझने और सीखने का अवसर मिलेगा। उन्होंने तीन विद्यालयों में अत्याधुनिक लैब स्थापित करने के लिए रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड का आभार व्यक्त किया।
खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि विकासखंड लक्सर के 77 विद्यालयों में कौशल विकास और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नवाचार आधारित STEM Robotics Lab विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उन्हें नई तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. संतोष कुमार चमोला ने किया।इस अवसर पर तहसीलदार लक्सर दीवान सिंह राणा, मुख्य शिक्षा विभाग के अधिकारी, रिलैक्सो फुटवियर्स लिमिटेड के एचआर हेड नितिन शर्मा, सीएसआर प्रमुख गम्भीर अग्रवाल, ममता HIMC से डॉ. हिमांशु, विद्यालय के प्रधानाचार्य सुभाष चन्द्र, ग्राम प्रधान मुण्डाखेड़ा कलां, एसएमसी की अध्यक्षा, शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस पहल के साथ हरिद्वार में सरकारी विद्यालयों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और भविष्य उन्मुख शिक्षा का लाभ मिल सकेगा।



