कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिली नई गति! हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला और उत्तर हर की पैड़ी के पुनर्विकास कार्यों पर मेला प्रशासन गंभीर,, “श्रद्धालुओं को मिलें विश्वस्तरीय सुविधाएं और व्यवस्थित वातावरण” — मेला अधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे करने के दिए निर्देश,, “दिव्य आस्था के साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का समावेश होगा” — लगभग 194 करोड़ की परियोजनाओं से हरिद्वार को मिलेगा नया स्वरूप,,

इन्तजार रजा हरिद्वार- कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को मिली नई गति! हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला और उत्तर हर की पैड़ी के पुनर्विकास कार्यों पर मेला प्रशासन गंभीर,,
“श्रद्धालुओं को मिलें विश्वस्तरीय सुविधाएं और व्यवस्थित वातावरण” — मेला अधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे करने के दिए निर्देश,,
“दिव्य आस्था के साथ आधुनिक व्यवस्थाओं का समावेश होगा” — लगभग 194 करोड़ की परियोजनाओं से हरिद्वार को मिलेगा नया स्वरूप,,
हरिद्वार, 22 मई। आगामी कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने की दिशा में हरिद्वार में तैयारियां निरंतर गति पकड़ रही हैं। आस्था की नगरी हरिद्वार को बेहतर आधारभूत सुविधाओं, सुगम यातायात और श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण से सुसज्जित करने के उद्देश्य से हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला और उत्तर हर की पैड़ी क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण पुनर्विकास परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका ने मेला नियंत्रण भवन में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की तथा परियोजनाओं की प्रगति का स्थलीय निरीक्षण भी किया। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं, ताकि कुंभ मेला-2027 में आने वाले श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
करीब 194 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत इन परियोजनाओं को उत्तराखंड निवेश एवं अवस्थापना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि हरिद्वार की धार्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए आधुनिक सुविधाओं का समावेश करना भी है।
बैठक में उत्तराखंड प्रोजेक्ट डेवलपमेंट एंड कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीडीसीसी) एवं अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ परियोजनाओं के तकनीकी पहलुओं, कार्य प्रगति और समयबद्ध क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। मेला अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ जैसे विशाल आयोजन में समय प्रबंधन अत्यंत महत्वपूर्ण है और सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।
हर की पैड़ी जीर्णोद्धार परियोजना के अंतर्गत लगभग 66.77 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे। इसमें घाटों का निर्माण एवं नवीनीकरण, आधुनिक वॉकवे, प्रकाश व्यवस्था, सौंदर्यीकरण, श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार तथा सीवेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने जैसे कार्य शामिल हैं। इन कार्यों का उद्देश्य हर की पैड़ी क्षेत्र को और अधिक आकर्षक, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाना है।
इसी प्रकार रोड़ीबेलवाला क्षेत्र विकास परियोजना लगभग 58.39 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। लगभग 45 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रस्तावित इस योजना के अंतर्गत सड़क निर्माण, वेंडिंग जोन, पार्किंग व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, पैदल मार्ग एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इससे क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल स्वरूप प्रदान किया जा सकेगा।
वहीं उत्तर हर की पैड़ी विकास परियोजना पर लगभग 68.97 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। इस परियोजना में घाटों के पुनरोद्धार, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, वॉकवे, विद्युत व्यवस्था, सीवेज प्रणाली और अन्य जनसुविधाओं को विकसित किया जाएगा। इसके अंतर्गत पंतद्वीप एवं चमगादड़ टापू क्षेत्र को भी विकास कार्यों से जोड़ा गया है।
बैठक के उपरांत मेला अधिकारी सोनिका ने हर की पैड़ी, रोड़ीबेलवाला एवं दीनदयाल उपाध्याय पार्क से जुड़े आस्था पथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा अतिक्रमण हटाने और सार्वजनिक सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि विकास कार्यों के दौरान गंगा के दिव्य स्वरूप और श्रद्धालुओं के दर्शन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। साथ ही घाटों के सौंदर्यीकरण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए।
मेला अधिकारी ने कहा कि कुंभ मेला-2027 के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और प्रत्येक परियोजना गुणवत्ता तथा समयबद्धता के मानकों पर खरी उतरे।
इस अवसर पर नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह, अधिशासी अभियंता प्रवीण कुश, यूपीडीसीसी महाप्रबंधक मनोज कुमार, परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट, सुमित मलवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



