उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार की बदलेगी तस्वीर: 235 करोड़ की विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री धामी ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास,, हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला और प्रशासनिक मार्ग होंगे आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय,, गंगा कॉरिडोर के तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, धार्मिक नगरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार,,

हरिद्वार की बदलेगी तस्वीर: 235 करोड़ की विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री धामी ने किया भूमि पूजन और शिलान्यास,,

हर की पैड़ी, सुभाष घाट, रोड़ी बेलवाला और प्रशासनिक मार्ग होंगे आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय,,

गंगा कॉरिडोर के तहत श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेंगी बेहतर सुविधाएं, धार्मिक नगरी के विकास को मिलेगी नई रफ्तार,,

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के अंतर्गत लगभग 235 करोड़ रुपये की विभिन्न आधारभूत अवसंरचना परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं शिलान्यास कर धार्मिक नगरी के विकास को नई दिशा दी। उत्तराखण्ड निवेश एवं आधारिक संरचना विकास बोर्ड (UIIDB) द्वारा संचालित इन परियोजनाओं का उद्देश्य हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय सुविधाओं से युक्त तीर्थनगरी के रूप में विकसित करना है।

अलकनंदा होटल, हरिद्वार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सबसे पहले 43.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली प्रशासनिक मार्ग परियोजना का भूमि पूजन किया। यह परियोजना शहर के यातायात को अधिक व्यवस्थित बनाने के साथ प्रशासनिक गतिविधियों को भी सुगम बनाएगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 66.76 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनरुद्धार कार्यों का शिलान्यास किया। इस परियोजना के तहत घाटों का सौंदर्यीकरण, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार, श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं तथा आधुनिक प्रकाश व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे गंगा आरती और धार्मिक आयोजनों का अनुभव और अधिक भव्य होगा।

मुख्यमंत्री ने 66.34 करोड़ रुपये की लागत से हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत अवसंरचना विकास कार्यों की भी शुरुआत कराई। इस परियोजना के अंतर्गत पैदल मार्ग, सार्वजनिक सुविधाएं, जल निकासी, स्वच्छता व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।

इसके साथ ही 58.84 करोड़ रुपये की लागत से रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार कार्यों का भी शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के तहत क्षेत्र का सौंदर्यीकरण, सार्वजनिक सुविधाओं का विस्तार, हरित क्षेत्र का विकास तथा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार हरिद्वार को उसकी धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा के अनुरूप विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। गंगा कॉरिडोर के तहत संचालित ये परियोजनाएं न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएंगी, बल्कि स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि आगामी महाकुंभ-2027 और भविष्य में बढ़ने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएंगे।

करीब 235 करोड़ रुपये की इन चार प्रमुख परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हरिद्वार में यातायात व्यवस्था, घाटों की संरचना, सार्वजनिक सुविधाओं, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पर्यटन अवसंरचना में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इससे धार्मिक नगरी हरिद्वार की पहचान और अधिक सशक्त होगी तथा देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button