जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर पत्रकारों में शोक की लहर नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड ने दी श्रद्धांजलि, रतीलाल शाह बोले—सूचना विभाग ने कर्मठ अधिकारी और अच्छा इंसान खोया

जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर पत्रकारों में शोक की लहर,,
नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड ने दी श्रद्धांजलि, रतीलाल शाह बोले—सूचना विभाग ने कर्मठ अधिकारी और अच्छा इंसान खोया
हरिद्वार। नैनीताल जनपद के जिला सूचना अधिकारी गिरजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन की खबर से पत्रकारिता जगत और सूचना विभाग में शोक की लहर है। नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
हरिद्वार के जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह सहित जनपद के विभिन्न पत्रकारों और मीडिया कर्मियों ने भी गिरजा शंकर जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
रतीलाल शाह ने कहा कि गिरजा शंकर जोशी बेहद खुशदिल, सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के साथ उनका व्यवहार सदैव आत्मीय एवं सहयोगात्मक रहा। उन्होंने कहा कि जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना विभाग ने एक कर्मठ अधिकारी के साथ-साथ एक अच्छे इंसान को खो दिया है। उनका निधन विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है।
नैशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स उत्तराखंड के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि गिरजा शंकर जोशी अपने मधुर व्यवहार और सहयोगी कार्यशैली के कारण पत्रकारों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय थे। उनके निधन से पत्रकारिता और सूचना विभाग से जुड़े लोगों ने एक संवेदनशील एवं मिलनसार व्यक्तित्व खो दिया है।
पत्रकारों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वह दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।




