Daily Live Uttarakhand updateअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

रुड़की में दीपावली पर सुरक्षा का ‘फुल एक्शन प्लान’ तैयार! ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ का सख्त रुख…… नेहरू स्टेडियम में सजेंगा पटाखों का बाजार, 110 दुकानों को अनुमति की तैयारी; बिना लाइसेंस कारोबार और सुरक्षा में लापरवाही करने वालों पर प्रशासन की नजर

रुड़की में दीपावली पर सुरक्षा का ‘फुल एक्शन प्लान’ तैयार! ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ का सख्त रुख……

नेहरू स्टेडियम में सजेंगा पटाखों का बाजार, 110 दुकानों को अनुमति की तैयारी; बिना लाइसेंस कारोबार और सुरक्षा में लापरवाही करने वालों पर प्रशासन की नजर

रुड़की, हरिद्वार। दीपावली की चमक-दमक के बीच सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए प्रशासन ने सख्त संदेश दे दिया है। पटाखों की बिक्री के नाम पर मनमानी नहीं चलेगी और न ही नियमों को ताक पर रखकर दुकानें सजाई जा सकेंगी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेठ की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पटाखा बाजार को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए अहम निर्णय लिए गए। प्रशासन का फोकस साफ है—त्योहार की खुशियां बरकरार रहें और किसी की लापरवाही लोगों की जान पर भारी न पड़े।

नेहरू स्टेडियम बनेगा पटाखा बाजार का केंद्र

दीपावली पर पटाखों की बिक्री के लिए नेहरू स्टेडियम में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 110 दुकानों को अनुमति देने का निर्णय लिया गया। शहर की गलियों और अंदरूनी इलाकों में पटाखों की दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी। दुकानदारों को निर्धारित खुले स्थल पर ही कारोबार करना होगा।इस व्यवस्था का उद्देश्य भीड़भाड़ को नियंत्रित करना, यातायात संबंधी परेशानियों को कम करना और आगजनी की आशंका से निपटने के लिए बेहतर इंतजाम करना है।

हर दुकान पर अग्नि सुरक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई

पटाखा बाजार में प्रत्येक दुकानदार के लिए फायर एक्सटिंग्विशर रखना अनिवार्य होगा। नगर निगम को पानी के टैंकर, मिट्टी और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अग्निशमन विभाग को भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार रहने को कहा गया है।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। बाजार शुरू होने से पहले पुलिस स्थल का निरीक्षण करेगी, ताकि आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच की जा सके।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ ने कहा कि “दीपावली के दौरान आमजन की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नेहरू स्टेडियम में पटाखा बाजार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। दुकानदारों को लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करेंगे।”

लाइसेंस का खेल नहीं चलेगा, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई

पटाखों की दुकान केवल लाइसेंस प्राप्त विक्रेता ही लगा सकेंगे। लाइसेंस किसी दूसरे व्यक्ति को हस्तांतरित करना या दुकान किसी अन्य व्यक्ति से संचालित कराना प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक दुकानदार को लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही दुकान लगानी होगी।लाइसेंस तीन दिन की अवधि के लिए जारी किया जाएगा। बिना लाइसेंस दुकान लगाने या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों को साफ निर्देश, सुरक्षा से समझौता नहीं

बैठक में व्यापार मंडल अध्यक्ष, तहसीलदार रुड़की, नगर निगम के एसएनए, क्षेत्राधिकारी रुड़की पुलिस, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ ने अग्नि सुरक्षा और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उद्देश्य है कि दीपावली के दौरान पटाखा बाजार में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को न्यूनतम किया जा सके।

दीपावली की खुशियों पर भारी नहीं पड़े लापरवाही

पटाखों की चमक के बीच सुरक्षा की अनदेखी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। ऐसे में प्रशासन की यह तैयारी महत्वपूर्ण है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि दुकानदार नियमों का कितना पालन करते हैं और संबंधित विभाग सुरक्षा इंतजामों को कितनी प्रभावी ढंग से लागू कराते हैं।

संदेश साफ है—दीपावली पर कारोबार होगा, लेकिन सुरक्षा नियमों की कीमत पर नहीं।

 

Related Articles

Back to top button