देहरादून में पत्रकार की संदिग्ध मौत से हड़कंप,, गंभीर बीमारी का फायदा उठाकर बेरहमी से पीटने का आरोप, हत्या का मुकदमा दर्ज,, परिजनों से बदसलूकी, मोबाइल छीने और अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

इन्तजार रजा हरिद्वार- देहरादून में पत्रकार की संदिग्ध मौत से हड़कंप,,
गंभीर बीमारी का फायदा उठाकर बेरहमी से पीटने का आरोप, हत्या का मुकदमा दर्ज,,
परिजनों से बदसलूकी, मोबाइल छीने और अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

देहरादून में एक पत्रकार की संदिग्ध हालात में हुई मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। मृतक पत्रकार पंकज मिश्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में अमित सहगल सहित अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। तहरीर में जो घटनाक्रम सामने आया है, वह न सिर्फ अमानवीय है बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
परिजनों के अनुसार, पंकज मिश्रा पहले से ही हार्ट और लिवर की गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इसी बीमारी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाया। तहरीर में बताया गया है कि मारपीट के दौरान जब पंकज के मुंह से खून निकलने लगा, तो हमलावरों में से एक ने चिल्लाकर कहा— “यह हार्ट और लिवर का मरीज है, इसके पेट और सीने पर ही मारो।” इसके बाद मुख्य आरोपी अमित सहगल ने पंकज के सीने और पेट पर ताबड़तोड़ लात-घूंसे बरसाए और कहा— “बस इतने में ही इसका काम तमाम हो जाएगा।”
हमले के बाद भी आरोपियों का कहर यहीं नहीं रुका। आरोप है कि हमलावरों ने पंकज मिश्रा का मोबाइल फोन छीन लिया। जब उनकी पत्नी लक्ष्मी ने पुलिस को सूचना देने की कोशिश की, तो उनके साथ भी बदसलूकी की गई और उनका मोबाइल भी छीन लिया गया। डर और दहशत के माहौल में आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह पंकज ने एक राहगीर के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी।
परिजनों का कहना है कि हमले के बाद डर और चोट की वजह से पंकज उसी रात मेडिकल जांच के लिए अस्पताल नहीं जा सके। 16 दिसंबर की सुबह करीब तीन बजे अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। दर्द से कराहते हुए उन्होंने अपनी पत्नी को आवाज दी। जैसे ही वह बिस्तर से उठने की कोशिश करने लगे, वे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। घबराए परिजनों और पड़ोसियों ने तुरंत उन्हें दून अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्रकार की मौत की खबर फैलते ही मीडिया जगत में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। परिजन इसे सीधी-सीधी हत्या बता रहे हैं और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
देहरादून में एक पत्रकार की इस तरह की मौत ने सुरक्षा और न्याय को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजर पुलिस जांच और आरोपियों पर होने वाली कार्रवाई पर टिकी है।



