कोतवाली गंगनहर पुलिस की सख्त कार्रवाई,, रेट्रो साइलेंसर लगी बुलेट से पटाखे जैसी आवाज़ कर दहशत फैलाने वाला चालक दबोचा,, दोषपूर्ण नंबर प्लेट पर सीधी कार्रवाई, बुलेट सीज, ₹14,000 का भारी चालान
इन्तजार रजा हरिद्वार- कोतवाली गंगनहर पुलिस की सख्त कार्रवाई,,
रेट्रो साइलेंसर लगी बुलेट से पटाखे जैसी आवाज़ कर दहशत फैलाने वाला चालक दबोचा,,
दोषपूर्ण नंबर प्लेट पर सीधी कार्रवाई, बुलेट सीज, ₹14,000 का भारी चालान
हरिद्वार।
जनपद हरिद्वार में आमजन की शांति, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इसी क्रम में कोतवाली गंगनहर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त एक गंभीर शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।
शिकायत में बताया गया था कि एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक द्वारा रेट्रो साइलेंसर लगाकर पटाखे जैसी तेज़ और डरावनी आवाज़ें निकाली जा रही हैं, जिससे स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चों, राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज़ आवाज़ के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ था और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जनपद हरिद्वार के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली गंगनहर पुलिस को क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कोतवाली को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए गंगनहर क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल चालक को पकड़ा गया, जो दोषपूर्ण नंबर प्लेट का प्रयोग कर रहा था और रेट्रो साइलेंसर के माध्यम से पटाखे जैसी तेज़ आवाज़ निकालकर आमजन को जानबूझकर परेशान कर रहा था। पुलिस ने मौके पर ही वाहन को कब्जे में लेते हुए चालक से पूछताछ की।
जांच में यातायात नियमों के गंभीर उल्लंघन की पुष्टि होने पर पुलिस द्वारा संबंधित बुलेट मोटरसाइकिल को मोटर व्हीकल एक्ट की गंभीर धाराओं में सीज कर दिया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने पर चालक के विरुद्ध ₹14,000 का भारी चालान भी किया गया। पुलिस ने चालक को भविष्य में इस प्रकार की हरकत न करने की कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली गंगनहर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क पर स्टंटबाजी, अवैध साइलेंसर, दोषपूर्ण नंबर प्लेट और तेज़ आवाज़ कर आमजन को परेशान करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। हरिद्वार पुलिस आम नागरिकों की शांति, सुरक्षा और बच्चों के सुरक्षित वातावरण को प्राथमिकता देते हुए ऐसे असामाजिक और नियमविरुद्ध कृत्यों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त और प्रभावी कार्रवाई करती रहेगी।



