ऋषिकेश के होटल में जुआ पार्टी का भंडाफोड़,, दिल्ली से बुलाई गई लड़कियां, पुलिस छापे में 40 लोग गिरफ्तार,, नामी कारोबारी और बाहरी राज्यों के लोग भी पकड़ में आए, नकदी और जुआ सामग्री बरामद

इन्तजार रजा हरिद्वार- ऋषिकेश के होटल में जुआ पार्टी का भंडाफोड़,,
दिल्ली से बुलाई गई लड़कियां, पुलिस छापे में 40 लोग गिरफ्तार,,
नामी कारोबारी और बाहरी राज्यों के लोग भी पकड़ में आए, नकदी और जुआ सामग्री बरामद
ऋषिकेश में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल में चल रही जुआ पार्टी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान भारी मात्रा में नकदी, कैसिनो क्वाइन, ताश की गड्डियां और शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इस पार्टी के लिए दिल्ली से लड़कियों को बुलाया गया था, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई एसएसपी देहरादून के निर्देश पर की गई। दरअसल पुलिस को काफी समय से सूचना मिल रही थी कि ऋषिकेश क्षेत्र के एक होटल में देर रात जुआ और पार्टी का अवैध धंधा चल रहा है। सूचना की पुष्टि होने के बाद क्षेत्राधिकारी ऋषिकेश के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश पुलिस टीम ने हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग में अचानक छापा मार दिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि होटल के अंदर बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा था। कमरे में कई लोग ताश और कैसिनो क्वाइन के जरिए जुआ खेलते मिले। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी को मौके पर ही पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि पार्टी में शामिल कई लोग स्थानीय व्यवसायी हैं, जबकि कुछ लोग दिल्ली, मेरठ और अन्य जिलों से भी आए हुए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस पार्टी को खास तौर पर मनोरंजन के नाम पर आयोजित किया गया था। इसमें दिल्ली से लड़कियों को बुलाने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं था।
गिरफ्तार किए गए लोगों में ऋषिकेश, देहरादून, टिहरी, मेरठ और दिल्ली के कई लोग शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने यह भी संकेत दिए हैं कि होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जाएगी कि आखिर होटल में इतनी बड़ी अवैध गतिविधि कैसे चल रही थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में अवैध जुआ और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि किसी भी होटल या स्थान पर इस तरह की अवैध गतिविधि पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक और पर्यटन नगरी ऋषिकेश में इस तरह की गतिविधियां शहर की छवि को नुकसान पहुंचाती हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



