काली नदी बैरियर पर बड़ी कार्रवाई: अवैध खैर लकड़ी से भरी डीसीएम पकड़ी गई,, 🟡 चेकिंग के दौरान ड्राइवर ने तेज रफ्तार से वाहन भगाया, पुलिस की मदद से घेराबंदी,, 🟢 खेतों में फरार हुआ चालक, वन विभाग ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की विधिक कार्रवाई

इन्तजार रजा हरिद्वार 🚨 काली नदी बैरियर पर बड़ी कार्रवाई: अवैध खैर लकड़ी से भरी डीसीएम पकड़ी गई,,
🟡 चेकिंग के दौरान ड्राइवर ने तेज रफ्तार से वाहन भगाया, पुलिस की मदद से घेराबंदी,,
🟢 खेतों में फरार हुआ चालक, वन विभाग ने वाहन कब्जे में लेकर शुरू की विधिक कार्रवाई

हरिद्वार जनपद में अवैध वन संपदा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। उप वन संरक्षक हरिद्वार एवं उप प्रभागीय वन अधिकारी रुड़की के निर्देशों के क्रम में 12 अप्रैल 2026 को तड़के लगभग 12:30 बजे काली नदी बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध डीसीएम वाहन को रोका गया।
सूत्रों के अनुसार, मुखबिर खास से मिली सटीक सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम पहले से ही सतर्क थी। जैसे ही डीसीएम (रजिस्ट्रेशन संख्या UK08CB3164) बैरियर पर पहुंची, उसे रोकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन को तेज गति से गागालेड़ी की ओर भगा दिया। इस घटनाक्रम से मौके पर मौजूद टीम में हड़कंप मच गया और तुरंत पीछा शुरू किया गया।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त रूप से कार्रवाई को अंजाम दिया। लगातार पीछा करने के बाद गागालेड़ी से आगे जाकर वाहन को रोक लिया गया। जब टीम ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया, तो वह मौके का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर पास के खेतों में भाग निकला। अंधेरे और खेतों के जटिल रास्तों का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध खैर (खैर प्रकाष्ठ) बरामद हुआ, जिसे बिना किसी वैध अनुमति के परिवहन किया जा रहा था। यह लकड़ी वन अधिनियम के तहत संरक्षित श्रेणी में आती है, और इसकी तस्करी गंभीर अपराध मानी जाती है।
वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए डीसीएम को कब्जे में लिया और क्रेन की सहायता से उसे सुरक्षित रूप से वन परिसर रुड़की रेंज में खड़ा कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है और फरार चालक की तलाश के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में वन विभाग की गस्ती टीम की अहम भूमिका रही। टीम में वन क्षेत्राधिकारी श्री शैलेन्द्र सिंह नेगी के नेतृत्व में उप वन क्षेत्राधिकारी श्री सुभाष चंद, वन दरोगा श्री पवन कुमार, वन बीट अधिकारी श्री योगेश कुमार सहित कर्मचारी श्री सुबोध, प्रदीप, हरीश, अश्वनी और अजय शामिल रहे। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध कटान और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस प्रकार की कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप है और विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि वन संपदा की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।



