पिरान कलियर में जायरीनों से अवैध वसूली का खेल बेनकाब!,, 🟡 वायरल वीडियो ने खोली दरगाह परिसर की कड़वी सच्चाई,, 🟢 संरक्षण किसका? दरगाह प्रशासन की चुप्पी पर उठे बड़े सवाल

इन्तजार रजा हरिद्वार 🔴 पिरान कलियर में जायरीनों से अवैध वसूली का खेल बेनकाब!,,
🟡 वायरल वीडियो ने खोली दरगाह परिसर की कड़वी सच्चाई,,
🟢 संरक्षण किसका? दरगाह प्रशासन की चुप्पी पर उठे बड़े सवाल
रुड़की/पिरान कलियर। धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र पिरान कलियर दरगाह से एक चौंकाने वाला वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ लोग दरगाह परिसर में जायरीनों (श्रद्धालुओं) से जबरन पैसे वसूलते नजर आ रहे हैं। जियारत कराने और विशेष दुआ दिलवाने के नाम पर ये लोग खुलेआम अवैध वसूली कर रहे हैं, जिससे दरगाह की पवित्रता पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि ये तथाकथित ‘खिदमतगार’ या बिचौलिए दरगाह में आने वाले भोले-भाले जायरीनों को अपने जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठते हैं। कई बार तो श्रद्धालुओं को डराया-धमकाया भी जाता है कि बिना पैसे दिए उनकी जियारत पूरी नहीं होगी। वायरल वीडियो में कुछ लोग खुलेआम पैसों लेते हुए दिख रहे हैं, जिससे यह साफ है कि यह धंधा लंबे समय से संगठित तरीके से चल रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ये लोग हैं कौन? और किसके संरक्षण में दरगाह परिसर में इस तरह का अवैध वसूली तंत्र फल-फूल रहा है? स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना किसी अंदरूनी समर्थन के इस तरह की गतिविधियां संभव नहीं हैं। ऐसे में दरगाह प्रशासन और संबंधित विभागों की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है।
दरगाह प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आखिर क्यों प्रशासन इन तत्वों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहा है? क्या प्रशासन को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? यह भी चर्चा है कि कई बार शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे इन वसूली करने वालों के हौसले और बुलंद हो गए हैं।
वहीं, इस मामले के सामने आने के बाद श्रद्धालुओं में भारी रोष देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि आस्था के इस पवित्र स्थल को कुछ असामाजिक तत्वों ने कमाई का जरिया बना लिया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन कितनी गंभीरता से इस मामले को लेता है और क्या वाकई दरगाह परिसर में फैले इस अवैध वसूली तंत्र पर लगाम लग पाती है या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा।



