निर्जला एकादशी स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट! ऋषिकुल ऑडिटोरियम में हुई मेगा ब्रीफिंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का खाका तैयार,, सोमवती अमावस्या जैसी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम, 04 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र,, सीसीटीवी, डॉग स्क्वॉड, BDS टीम, जल पुलिस और सादे कपड़ों में तैनात जवान रखेंगे हर गतिविधि पर नजर; एसपी क्राइम निशा यादव ने दिए सख्त निर्देश,,

निर्जला एकादशी स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस पूरी तरह अलर्ट! ऋषिकुल ऑडिटोरियम में हुई मेगा ब्रीफिंग, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का खाका तैयार,,
सोमवती अमावस्या जैसी भीड़ की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम, 04 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टर में बांटा गया मेला क्षेत्र,,
सीसीटीवी, डॉग स्क्वॉड, BDS टीम, जल पुलिस और सादे कपड़ों में तैनात जवान रखेंगे हर गतिविधि पर नजर; एसपी क्राइम निशा यादव ने दिए सख्त निर्देश,,
हरिद्वार। निर्जला एकादशी स्नान पर्व को सकुशल और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को ऋषिकुल ऑडिटोरियम में स्नान मेले में नियुक्त पुलिस बल की विशेष ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव की अध्यक्षता में अधिकारियों और जवानों को सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात संचालन की विस्तृत कार्ययोजना से अवगत कराया गया।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शेखर सुयाल सहित अन्य अधिकारियों ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्जला एकादशी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। हाल ही में सोमवती अमावस्या स्नान पर्व के दौरान रिकॉर्ड भीड़ को देखते हुए इस बार अतिरिक्त सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर
मेला क्षेत्र को 04 सुपर जोन, 12 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सेक्टर, जोन और सुपर जोन में अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जाएगी तथा भीड़ का आकलन कर मौके पर तैनात अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेला क्षेत्र, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर बम निरोधक दस्ता (BDS) एवं डॉग स्क्वॉड लगातार सक्रिय रहेंगे। इसके साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अभिसूचना इकाई (LIU) के कर्मियों को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल मिल सके।
सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अफवाह फैलाने वाले तत्वों, जेबकतरों और असामाजिक गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। ब्रीफिंग में यह भी कहा गया कि मेले के दौरान फैलने वाली अफवाहें अक्सर बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं। इसलिए LIU, चेतक मोबाइल और सादे वस्त्रों में तैनात पुलिसकर्मी लगातार सतर्क रहेंगे।
चारधाम यात्रा और वीकेंड का भी रहेगा दबाव
एसपी क्राइम निशा यादव ने बताया कि वर्तमान में चारधाम यात्रा भी चरम पर है और सप्ताहांत होने के कारण हर की पैड़ी, मनसा देवी, चंडी देवी मंदिरों तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर भारी भीड़ और वाहनों का दबाव रहने की संभावना है। ऐसे में घाटों को समय-समय पर खाली कराना, श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की भगदड़ की आशंका को रोकना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। सड़क किनारे वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे वाहनों को टो कर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
गर्मी से बचाव के लिए भी दिए निर्देश
भीषण गर्मी को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को अपने साथ पानी की बोतल, ग्लूकोज और ORS रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि जवान पौष्टिक भोजन करें और ड्यूटी के दौरान पूरी ऊर्जा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।फायर टीमों को भी अलग-अलग उपकरणों के साथ अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
इतना पुलिस बल रहेगा तैनात
निर्जला एकादशी स्नान पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए व्यापक पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें 04 अपर पुलिस अधीक्षक, 12 पुलिस उपाधीक्षक, 19 निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष, 55 उपनिरीक्षक, 209 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल, 36 महिला कांस्टेबल, 03 यातायात निरीक्षक, 12 यातायात उपनिरीक्षक, 27 यातायात कर्मी, 02 BDS एवं डॉग स्क्वॉड टीम, 04 फायर टेंडर यूनिट, 10 अभिसूचना कर्मी, 03 घुड़सवार दल, 14 फ्लड कंपनी कर्मी, 14 जल पुलिस कर्मी, 03 कंपनी CAPF, 200 होमगार्ड, 200 पीआरडी जवान, 01 एसडीआरएफ टीम तथा 02 सब कंपनी ATS को तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और शांतिपूर्ण स्नान व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई पूरी कार्ययोजना को धरातल पर सख्ती से लागू किया जाएगा तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



