अपराधअलर्टउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंगिरफ्तारी

हरिद्वार में अपराधियों पर पुलिस का महाएक्शन,, वाहन चोरों की कमर टूटी, सिडकुल और कलियर में 6 घंटे के भीतर 3 शातिर गिरफ्तार, 4 चोरी की बाइक बरामद,, साइबर ठगों पर भी कसा शिकंजा, ऑनलाइन ठगी की शिकार महिला को लौटाए ₹34 हजार, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

हरिद्वार में अपराधियों पर पुलिस का महाएक्शन,,

वाहन चोरों की कमर टूटी, सिडकुल और कलियर में 6 घंटे के भीतर 3 शातिर गिरफ्तार, 4 चोरी की बाइक बरामद,,

साइबर ठगों पर भी कसा शिकंजा, ऑनलाइन ठगी की शिकार महिला को लौटाए ₹34 हजार, पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मचा हड़कंप

हरिद्वार में अपराधियों के खिलाफ चल रहे पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। मंगलवार को जिले में पुलिस ने अलग-अलग मोर्चों पर ऐसी कार्रवाई की, जिसने वाहन चोरों और साइबर ठगों की नींद उड़ा दी। सिडकुल पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ एक वांछित वाहन चोर को गिरफ्तार कर चोरी के कई मामलों का खुलासा किया, जबकि कलियर पुलिस ने बाइक चोरी की घटना के महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली। वहीं हरिद्वार साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई महिला के खाते में करीब ₹34 हजार वापस कराकर पीड़ित परिवार को बड़ी राहत दी।

सिडकुल पुलिस की घेराबंदी में फंसा शातिर, तीन चोरी की बाइक बरामद

सिडकुल क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान टैप इंडिया कंपनी तिराहे पर एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण फिसलकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी रजत उर्फ कार्तिक से पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। उसने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी सहवाज के साथ मिलकर सिडकुल और रानीपुर क्षेत्र से कई बाइक चोरी की थीं। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। पुलिस के अनुसार आरोपी का साथी सहवाज पहले ही एक अन्य वाहन चोरी के मामले में जेल भेजा जा चुका है। बरामद तीनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर संबंधित मुकदमों में नई धाराएं बढ़ाई गई हैं।

कलियर पुलिस ने 24 घंटे में खोला चोरी का राज

कोतवाली कलियर पुलिस ने भी तेज कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी की वारदात का एक दिन के भीतर खुलासा कर दिया। बेड़पुर निवासी जावेद की सीडी डीलक्स बाइक चोरी होने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर एनआईसी कॉलेज धनौरी और तिरछा पुल के बीच लिंक रोड से संदीप कुमार और विशाल कुमार को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने बाइक बरामद कर दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इंस्टाग्राम पर सूट ऑर्डर करना पड़ा भारी, साइबर सेल ने बचाए ₹34 हजार

हरिद्वार साइबर सेल ने एक महिला को ऑनलाइन ठगी के मामले में बड़ी राहत दिलाई। महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखकर सूट ऑर्डर किया था। बाद में खुद को कंपनी का कर्मचारी बताने वाले ठग ने अतिरिक्त एडवांस के नाम पर रकम जमा कराने के लिए कहा।

महिला झांसे में आ गई और उसके खाते से ₹35,998 निकाल लिए गए। घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर सेल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तकनीकी प्रयासों के जरिए ₹34,012 की राशि वापस दिला दी। राशि वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया।

ऑपरेशन प्रहार से अपराधियों में बढ़ा खौफ

हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वाहन चोरी, साइबर अपराध, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से भी अपील की है कि वाहन सुरक्षित स्थान पर खड़े करें, ऑनलाइन भुगतान करते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि हरिद्वार पुलिस अपराधियों के खिलाफ अब और अधिक आक्रामक रणनीति के साथ मैदान में है।

Related Articles

Back to top button