कल उत्तराखंड में गरजेंगे राहुल गांधी,, रानीपुर विधानसभा के युवाओं में जबरदस्त उत्साह, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारियां,, महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा के मुद्दों पर भाजपा को घेरा; मनोज धनगर ने युवाओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील, वीरेंद्र रावत का श्रीराम मंदिर चंदा मामले पर बड़ा ब्यान,,

कल उत्तराखंड में गरजेंगे राहुल गांधी,,
रानीपुर विधानसभा के युवाओं में जबरदस्त उत्साह, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तेज की तैयारियां,,
महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और शिक्षा के मुद्दों पर भाजपा को घेरा; मनोज धनगर ने युवाओं से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील, वीरेंद्र रावत का श्रीराम मंदिर चंदा मामले पर बड़ा ब्यान,,
हरिद्वार, लोकसत्य। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर हरिद्वार की रानीपुर विधानसभा में राजनीतिक माहौल गर्माता जा रहा है। कांग्रेस संगठन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। युवाओं, छात्र-छात्राओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। इसी क्रम में कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने सिडकुल स्थित एक होटल में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत छात्र सम्मेलन आयोजित कर युवाओं से संवाद किया और अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज धनगर ने कहा कि राहुल गांधी आज देश के युवाओं की आवाज बनकर उभरे हैं। उनका आगामी उत्तराखंड दौरा प्रदेश के युवाओं, विद्यार्थियों और रोजगार की तलाश कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने संबोधन में रोजगार, शिक्षा, सामाजिक न्याय, युवाओं के भविष्य और उत्तराखंड के समग्र विकास जैसे अहम मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
मनोज धनगर ने दावा किया कि देहरादून में आयोजित होने वाले “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के लिए चार लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने इसे राहुल गांधी की लोकप्रियता और युवाओं के बीच उनके बढ़ते प्रभाव का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा बदलाव चाहते हैं और अपने भविष्य को लेकर गंभीर हैं। ऐसे में राहुल गांधी का संवाद युवाओं को नई दिशा देने का कार्य करेगा।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड में करीब 90 भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। छात्र वर्षों तक मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि इसका असर केवल अभ्यर्थियों पर ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार पर भी पड़ता है। कांग्रेस युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेगी।
इस दौरान कांग्रेस के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र रावत ने भी भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के समय औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना कर लाखों लोगों को रोजगार दिया गया था, जबकि वर्तमान सरकार रोजगार के अवसर बढ़ाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर, जो कभी लगभग 400 रुपये में उपलब्ध था, आज करीब एक हजार रुपये तक पहुंच चुका है, जिससे आम जनता की आर्थिक स्थिति पर भारी बोझ पड़ा है।
वीरेंद्र रावत ने आरोप लगाया कि लगातार भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक होने से युवाओं का विश्वास सरकारी व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा करने में पूरी तरह असफल साबित हुई है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने में नाकाम रही है।
अपने संबोधन के दौरान वीरेंद्र रावत ने श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चंदा घोटाले का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में केंद्र में कांग्रेस की सरकार बनती है तो श्रीराम मंदिर में चंदे की कथित गड़बड़ियों और बड़े स्तर पर हुई चोरी के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे मामलों में त्वरित कार्रवाई होती है, लेकिन बड़े मामलों में सरकार प्रभावशाली लोगों पर मेहरबान दिखाई देती है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं की आकांक्षाओं और उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। उन्होंने रानीपुर विधानसभा सहित पूरे हरिद्वार जिले के युवाओं, छात्र-छात्राओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इसे ऐतिहासिक बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन में राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों, जनसंपर्क अभियान और अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। नेताओं ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम युवाओं की आवाज को नई मजबूती देगा और प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा का विषय बनेगा।
इस अवसर पर महेश प्रताप राणा, राव अफाक, प्रवीण धनगर, राहुल पाल, सतीश दुबे, हाजी मुस्तफा, परवेज आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



