हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय हुआ हाई-टेक, अब QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी परिवहन सेवाओं की पूरी जानकारी,, ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट और लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम की शुरुआत, ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर वाहन पंजीकरण तक हर सेवा होगी आसान,, एआरटीओ निखिल शर्मा बोले— डिजिटल पहल से बढ़ेगी पारदर्शिता, बचेगा आमजन का समय और कार्यालय में नहीं लगाने पड़ेंगे अनावश्यक चक्कर

हरिद्वार एआरटीओ कार्यालय हुआ हाई-टेक, अब QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी परिवहन सेवाओं की पूरी जानकारी,,
ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट और लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम की शुरुआत, ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर वाहन पंजीकरण तक हर सेवा होगी आसान,,
एआरटीओ निखिल शर्मा बोले— डिजिटल पहल से बढ़ेगी पारदर्शिता, बचेगा आमजन का समय और कार्यालय में नहीं लगाने पड़ेंगे अनावश्यक चक्कर
इन्तजार रजा हरिद्वार… हरिद्वार संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) ने जनसुविधाओं को और अधिक आधुनिक, पारदर्शी तथा डिजिटल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब आरटीओ कार्यालय में आने वाले नागरिकों को परिवहन विभाग से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के लिए अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। कार्यालय में ‘ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट’ और ‘लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम’ की शुरुआत कर दी गई है, जिससे आमजन को तेज, सरल और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध होंगी।
नई व्यवस्था के तहत एआरटीओ कार्यालय परिसर में विभिन्न स्थानों पर QR कोड युक्त स्टैंड लगाए गए हैं। कोई भी नागरिक अपने स्मार्टफोन से इन QR कोड को स्कैन कर सीधे चैटबॉट से जुड़ सकता है। चैटबॉट के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, वाहन कर (टैक्स), परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र, ग्रीन कार्ड सहित परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं से संबंधित पूरी जानकारी कुछ ही क्षणों में मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी। इसके अलावा आवश्यक दस्तावेजों की सूची, निर्धारित शुल्क और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी आसानी से प्राप्त की जा सकेगी।
कार्यालय में शुरू किए गए लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम से भी लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब आवेदकों को अपनी बारी जानने के लिए बार-बार काउंटर पर पूछताछ नहीं करनी पड़ेगी। डिजिटल स्क्रीन पर टोकन नंबर की वर्तमान स्थिति और संबंधित काउंटर की जानकारी लगातार प्रदर्शित होती रहेगी। इससे लंबी कतारों, भीड़भाड़ और अनावश्यक भ्रम की स्थिति में कमी आएगी तथा कार्यालय की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनेगी।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), निखिल शर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग लगातार जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल तकनीकों को अपनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। कार्यालय में शुरू की गई यह नई व्यवस्था नागरिकों के समय की बचत करने के साथ-साथ सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विभाग तकनीकी नवाचारों के माध्यम से आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
एआरटीओ निखिल शर्मा ने सभी नागरिकों से अपील की कि जब भी वे आरटीओ कार्यालय आएं तो परिसर में लगाए गए QR कोड को स्कैन कर चैटबॉट का अधिकतम उपयोग करें और डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि इससे कार्यालय में अनावश्यक भीड़ कम होगी, कार्यों का त्वरित निस्तारण होगा तथा नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिल सकेंगी।
निखिल शर्मा, एआरटीओ (प्रशासन), हरिद्वार – “एआरटीओ कार्यालय को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से ऑफिस असिस्टेंस चैटबॉट और लाइव टोकन डिस्प्ले सिस्टम शुरू किया गया है। इससे नागरिकों को सभी परिवहन सेवाओं की जानकारी आसानी से मिलेगी, उनका समय बचेगा और कार्यों का निस्तारण अधिक सुगमता से हो सकेगा।”



