उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

लक्सर तहसील में डीएम मयूर दीक्षित का औचक निरीक्षण: लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश,, एसआईआर अभियान, मानसून तैयारियों और कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश,, जन शिकायतों के शीघ्र समाधान, स्वच्छता अभियान में तेजी और कांवड़ मार्ग पर 3-4 किमी की दूरी पर भंडारों की अनुमति देने पर जोर

लक्सर तहसील में डीएम मयूर दीक्षित का औचक निरीक्षण: लंबित राजस्व वादों के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश,,

एसआईआर अभियान, मानसून तैयारियों और कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश,,

जन शिकायतों के शीघ्र समाधान, स्वच्छता अभियान में तेजी और कांवड़ मार्ग पर 3-4 किमी की दूरी पर भंडारों की अनुमति देने पर जोर

हरिद्वार, 22 जुलाई। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को लक्सर तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, मानसून तैयारियों तथा आगामी कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने तथा जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल कुमार शुक्ला को निर्देशित किया कि तहसील न्यायालयों में लंबे समय से लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय मिल सके और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो।

डीएम ने कहा कि तहसील कार्यालय में अपनी समस्याओं और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। सभी शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनकर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान किया जाए।

उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

मानसून को देखते हुए जिलाधिकारी ने जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति बनने पर संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा और चिकित्सा सहित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर भंडारों को एक ही स्थान पर अनुमति न देकर 3 से 4 किलोमीटर की दूरी पर अनुमति दी जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, कार्यालय परिसरों और प्रमुख मार्गों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित तहसील के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button