सिडकुल में अब नहीं चलेगी मनमानी: सड़क पर वाहन खड़ा किया तो सीधा एक्शन! चालान के साथ वाहन को ब्लैकलिस्टिंग करने की भी तैयारी, परिवहन विभाग ने अवैध पार्किंग के खिलाफ किया आर-पार का खाका तैयार,, जगह-जगह लगाए गए चेतावनी बोर्ड, चेतावनी बोर्ड लगाकर अंतिम अलर्ट, उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त निर्देश

सिडकुल में अब नहीं चलेगी मनमानी: सड़क पर वाहन खड़ा किया तो सीधा एक्शन!
चालान के साथ वाहन को ब्लैकलिस्टिंग करने की भी तैयारी, परिवहन विभाग ने अवैध पार्किंग के खिलाफ किया आर-पार का खाका तैयार,,
जगह-जगह लगाए गए चेतावनी बोर्ड, चेतावनी बोर्ड लगाकर अंतिम अलर्ट, उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों को सख्त निर्देश
इन्तजार रजा हरिद्वार… हरिद्वार के सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र में अब सड़कों को पार्किंग समझने वालों के लिए खतरे की घंटी बज चुकी है। वर्षों से सड़कों पर ट्रक, ट्रॉले, कैंटर और अन्य भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से जूझ रहे सिडकुल में अब परिवहन विभाग ने आर-पार की लड़ाई छेड़ दी है। विभाग ने साफ कर दिया है कि अब सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों पर सिर्फ चालान भर की कार्रवाई नहीं होगी, बल्कि बार-बार नियम तोड़ने वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा। इसका सीधा असर वाहन की फिटनेस, परमिट और परिवहन विभाग से मिलने वाली अन्य सेवाओं पर पड़ सकता है।
सिडकुल प्रशासन, परिवहन विभाग और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक में लगातार मिल रही शिकायतों पर गंभीर मंथन किया गया। बैठक में यह बात सामने आई कि बड़ी संख्या में ट्रक और मालवाहक वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों के बजाय मुख्य सड़कों पर खड़े कर दिए जाते हैं। इससे न केवल यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित होती है बल्कि उद्योगों के संचालन में भी बाधा आती है और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
इसी के बाद परिवहन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा और सिडकुल के रीजनल मैनेजर कमल कुमार कफलटिया के नेतृत्व में पूरे औद्योगिक क्षेत्र में विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। अभियान के तहत प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर बड़े-बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं, जिन पर स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि सड़क पर वाहन पार्क करना प्रतिबंधित है और ऐसा करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
परिवहन विभाग ने सभी उद्योग प्रबंधन को भी स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि वे अपने ट्रांसपोर्टरों, लॉजिस्टिक कंपनियों और वाहन चालकों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने के लिए बाध्य करें। यदि कोई वाहन सड़क पर खड़ा मिला तो मौके पर चालान किया जाएगा। वहीं, यदि कोई वाहन चालक या ट्रांसपोर्टर बार-बार नियमों की अनदेखी करता पाया गया तो उसके वाहन को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
विभाग का कहना है कि सिडकुल जैसे व्यस्त औद्योगिक क्षेत्र में सड़कें मालवाहक वाहनों की पार्किंग के लिए नहीं हैं। अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे फैक्ट्रियों में आने-जाने वाले कर्मचारियों, उद्योगों की सप्लाई चेन और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को भी रास्ता नहीं मिल पाता, जिससे स्थिति और गंभीर हो जाती है।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध पार्किंग के चलते सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क के दोनों ओर भारी वाहन खड़े होने से दृश्यता कम हो जाती है और छोटे वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ता है। यही कारण है कि अब इस समस्या को जड़ से समाप्त करने के लिए सख्त रणनीति तैयार की गई है।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि यह अभियान केवल कुछ दिनों की औपचारिक कार्रवाई नहीं बल्कि लगातार चलने वाला विशेष प्रवर्तन अभियान होगा। विभाग की टीमें नियमित रूप से औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण करेंगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां तत्काल कार्रवाई की जाएगी। किसी भी वाहन चालक या ट्रांसपोर्टर को नियमों की अनदेखी करने की छूट नहीं दी जाएगी। सिडकुल प्रशासन और उद्योग प्रतिनिधियों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा है कि यदि सभी उद्योग और ट्रांसपोर्टर निर्धारित पार्किंग व्यवस्था का पालन करें तो सिडकुल की यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है। इससे उद्योगों की कार्यक्षमता बढ़ेगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और कर्मचारियों को भी सुरक्षित एवं सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा।
एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा ने कहा कि सड़कों पर अवैध पार्किंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी उद्योगों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और अपने वाहनों को केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। यदि इसके बावजूद कोई वाहन सड़क पर खड़ा मिला तो उसके खिलाफ नियमानुसार चालान के साथ-साथ ब्लैकलिस्टिंग जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी। अब साफ है कि सिडकुल में सड़कों को पार्किंग स्थल समझने की आदत महंगी पड़ने वाली है। परिवहन विभाग ने सख्त संदेश दे दिया है कि नियम मानिए, निर्धारित पार्किंग का उपयोग कीजिए, अन्यथा चालान के साथ ब्लैकलिस्टिंग जैसी कड़ी कार्रवाई के लिए भी तैयार रहिए।



