अपीलअलर्टउत्तर प्रदेशउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंकांवड़ यात्रा 2026

भारी बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे SSP नवनीत सिंह भुल्लर, हरकी पैड़ी से जनपद भर में पुलिस मुस्तैद,, आस्था के सैलाब के बीच सुरक्षा की कमान संभाले हरिद्वार पुलिस, चंडी चौक से बैरागी कैंप तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित रवानगी पर फोकस,, बिछड़े 12 वर्षीय बच्चों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, बेहोश कांवड़िए को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान; परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का जताया आभार

भारी बारिश के बीच ग्राउंड जीरो पर उतरे SSP नवनीत सिंह भुल्लर, हरकी पैड़ी से जनपद भर में पुलिस मुस्तैद,,

आस्था के सैलाब के बीच सुरक्षा की कमान संभाले हरिद्वार पुलिस, चंडी चौक से बैरागी कैंप तक श्रद्धालुओं की सुरक्षित रवानगी पर फोकस,,

बिछड़े 12 वर्षीय बच्चों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, बेहोश कांवड़िए को समय पर अस्पताल पहुंचाकर बचाई जान; परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का जताया आभार

हरिद्वार। कांवड़ मेले के अंतिम चरण में सोमवार को धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भारी भीड़ के बीच पुलिस और प्रशासन की अग्निपरीक्षा जारी रही। भारी बारिश के बावजूद कांवड़ मार्गों पर आस्था का सैलाब उमड़ता रहा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के बीच लाखों शिवभक्त अपने गंतव्य की ओर रवाना होते नजर आए। भीड़ के दबाव और लगातार बारिश के बीच सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हरिद्वार पुलिस के अधिकारी लगातार ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहे।

भारी बारिश के बीच हरकी पैड़ी से चंडी चौक तक SSP ने संभाली कमान, जिले भर की लगातार  मॉनिटरिंग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने सोमवार को खुद कई प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। भारी बारिश के बीच एसएसपी ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और अधीनस्थ अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हरकी पैड़ी क्षेत्र में उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था परखी और शिवभक्तों की भीड़ को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

चंडी चौक पर शिवभक्तों की भीड़ का दबाव बढ़ने की सूचना पर एसएसपी एक बार फिर अधीनस्थ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस टीमों द्वारा शिवभक्तों को व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। गड्ढा पार्किंग कट, प्रशासनिक मार्ग कट और ललतारा पुल के बीच कांवड़ियों की लगातार आवाजाही बनी रही। पुलिस ने भीड़ के दबाव के बीच मार्गों को सुचारू बनाए रखा। अधिकारियों के मुताबिक पूरे क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में रही और किसी प्रकार की बड़ी अव्यवस्था सामने नहीं आई।

बैरागी कैंप से मंगलौर और नगला इमरती तक पुलिस की पैनी नजर

कांवड़ियों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को देखते हुए बैरागी कैंप पार्किंग में पुलिसकर्मी लगातार मुस्तैद रहे। यहां से शिवभक्तों को व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। पुलिस की टीमें पार्किंग क्षेत्रों, कांवड़ मार्गों और प्रमुख कटों पर तैनात रहीं।

वहीं, मंगलौर क्षेत्र में एसपी देहात के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मोर्चा संभाले रखा। भारी भीड़ के बीच वाहनों और कांवड़ियों की आवाजाही को नियंत्रित करते हुए पुलिस ने शिवभक्तों को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया। नगला इमरती में भी पुलिस की टीमें लगातार सक्रिय रहीं। यहां आने-जाने वाले कांवड़ियों को व्यवस्थित करते हुए उन्हें उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस प्रशासन का पूरा जोर इस बात पर रहा कि भीड़ के दबाव के बावजूद कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

बिछड़े 12 वर्षीय बच्चों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया

कांवड़ मेले की भारी भीड़ के बीच पुलिस की मानवीय भूमिका भी सामने आई। ग्राम जलालपुर, ग्रेटर नोएडा निवासी रोशन का करीब 12 वर्षीय पुत्र शिव कांवड़ मार्ग पर भीड़ में अपने परिजनों से बिछड़ गया था। ड्यूटी पर तैनात एसआई प्रशिक्षु सौरभ चौधरी ने बच्चे को सुरक्षित अवस्था में पाया।

प्रशिक्षु सौरभ चौधरी ने बच्चे से आवश्यक जानकारी जुटाई और उसके परिजनों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद बच्चे को उसके पिता रोशन से सकुशल मिलवा दिया गया। बेटे को सुरक्षित देखकर पिता ने राहत की सांस ली और पुलिसकर्मी का आभार जताया। इसी तरह एक अन्य मामले में 12 वर्षीय प्रिंस अपने दादाजी से बिछड़ गया था। सूचना मिलने के बाद एसआई प्रशिक्षु सौरभ ने तत्परता दिखाते हुए बच्चे की तलाश की और उसे सकुशल खोज निकाला। इसके बाद बच्चे को उसके परिजनों से मिलाया गया। बच्चे के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

बेहोश कांवड़िए के लिए देवदूत बनी पुलिस, समय पर अस्पताल पहुंचाया

कांवड़ मार्ग पर एक अन्य सराहनीय घटनाक्रम में पुलिस ने बेहोशी की हालत में पड़े एक शिवभक्त को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। सड़क पर एक कांवड़िया बेहोश होकर गिर गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे सरकारी वाहन से भूमानंद अस्पताल पहुंचाया।

बताया गया कि सीओ सुरेंद्र प्रसाद बलूनी ने स्वयं तत्परता दिखाते हुए कांवड़िए को अस्पताल पहुंचाया और तत्काल उपचार की व्यवस्था कराई। होश में आने के बाद कांवड़िए ने अपना नाम हिमांशु निवासी कुरुक्षेत्र, हरियाणा बताया। उपचार के बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई। कांवड़िए की स्थिति सामान्य होने पर उसके परिजनों ने उत्तराखंड पुलिस का धन्यवाद किया। इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि कांवड़ मेले में पुलिस केवल सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत पड़ने पर शिवभक्तों की मदद के लिए हर संभव कदम उठा रही है।

बारिश, भीड़ और चुनौती के बीच पुलिस की परीक्षा

सोमवार को हरिद्वार में एक ओर भारी बारिश, दूसरी ओर शिवभक्तों की भारी भीड़ और लगातार बढ़ता यातायात दबाव पुलिस के सामने बड़ी चुनौती बना रहा। लेकिन एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी और जवान लगातार ग्राउंड जीरो पर डटे रहे।

हरकी पैड़ी, चंडी चौक, बैरागी कैंप, ललतारा पुल, नगला इमरती और मंगलौर सहित प्रमुख कांवड़ मार्गों पर पुलिस की सक्रियता दिखाई दी। अधिकारियों की लगातार मौके पर मौजूदगी और पुलिसकर्मियों की मुस्तैदी का उद्देश्य साफ रहा—शिवभक्त सुरक्षित रहें, यातायात सुचारू रहे और हर कांवड़िया अपने गंतव्य तक सकुशल पहुंचे।कांवड़ मेले के इस अंतिम दौर में पुलिस की यह सक्रियता न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि बिछड़े बच्चों को परिजनों से मिलाने और जरूरतमंद शिवभक्तों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के रूप में सेवा और संवेदना की तस्वीर भी पेश कर रही है।

Related Articles

Back to top button