Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में आज CM धामी का हाईप्रोफाइल दौरा, सिडकुल में उद्योगों से लेकर पंचायत प्रतिनिधियों तक साधेंगे संवाद!… हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा, चप्पे-चप्पे पर विशेष पुलिस बल तैनात; इंडस्ट्रियल समिट और पंचायत प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे मुख्य अतिथि

हरिद्वार में आज CM धामी का हाईप्रोफाइल दौरा, सिडकुल में उद्योगों से लेकर पंचायत प्रतिनिधियों तक साधेंगे संवाद!…

हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक रहेगा कड़ा सुरक्षा घेरा, चप्पे-चप्पे पर विशेष पुलिस बल तैनात; इंडस्ट्रियल समिट और पंचायत प्रशिक्षण कार्यक्रम में होंगे मुख्य अतिथि

ब्रेकिंग हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज एक दिवसीय दौरे पर हरिद्वार पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह अलर्ट है। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख मार्गों, हेलीपैड और कार्यक्रम स्थलों के आसपास भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सुबह करीब 10:30 बजे देहरादून के जीटीसी हेलीपैड से रवाना होकर पुलिस लाइन्स रोशनाबाद हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से मुख्यमंत्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सड़क मार्ग से सिडकुल स्थित होटल गार्डेन व्यू पहुंचेंगे।

मुख्यमंत्री यहां CII द्वारा आयोजित 7वें ‘इंडस्ट्रियल समिट एंड एक्सपो-2026’ से जुड़े कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े इस कार्यक्रम को लेकर उद्योग जगत की भी नजरें मुख्यमंत्री के दौरे पर रहेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री पंचायत प्रतिनिधियों के लिए आयोजित एक दिवसीय क्षमता विकास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे से 1:15 बजे तक मुख्यमंत्री पंचायत स्तरीय अंतर्राज्यीय पंचायत प्रतिनिधियों के क्षमता विकास कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का घेरा

मुख्यमंत्री के वीआईपी दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। हेलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक विशेष सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के साथ कार्यक्रम स्थल के आसपास आने-जाने वाले मार्गों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों की ओर से सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री के काफिले के आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

दोपहर बाद देहरादून लौटेंगे CM धामी

कार्यक्रमों में शिरकत करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दोपहर करीब 2:15 बजे हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।

सीएम धामी के हरिद्वार दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी हैं। अब निगाहें मुख्यमंत्री के संबोधन और औद्योगिक एवं पंचायत क्षेत्र से जुड़े संदेश पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button