उत्तराखंड BIG BREAKING: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को धामी सरकार का बड़ा तोहफा, दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय! मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल, मानदेय वृद्धि की घोषणा पर जताया आभार; बोले—मातृशक्ति का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता

उत्तराखंड BIG BREAKING: आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को धामी सरकार का बड़ा तोहफा, दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय!
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले आंगनबाड़ी संगठनों के प्रतिनिधिमंडल, मानदेय वृद्धि की घोषणा पर जताया आभार; बोले—मातृशक्ति का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता
देहरादून। उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं के लिए राहत भरी खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा दिसंबर 2026 से मानदेय बढ़ाए जाने की घोषणा के बाद आंगनबाड़ी संगठनों में खुशी का माहौल है। रविवार को मुख्यमंत्री आवास में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड और उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उनका आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडलों ने कहा कि मानदेय में वृद्धि का निर्णय प्रदेश की हजारों आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को आर्थिक संबल प्रदान करेगा। इससे उनके मनोबल में भी वृद्धि होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री के समक्ष आंगनबाड़ी कर्मियों के योगदान और उनकी जिम्मेदारियों का उल्लेख करते हुए सरकार के इस फैसले को महत्वपूर्ण बताया।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में आंगनबाड़ी कर्मियों की अहम भूमिका: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और सहायिकाएं प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण, प्रारंभिक बाल विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आंगनबाड़ी कर्मियों की सेवाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में ये महिलाएं महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सम्मान, सशक्तीकरण और आर्थिक सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के समर्पण एवं सेवाभाव को देखते हुए सरकार उनके हितों के संरक्षण और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
महिलाओं को सम्मान और बेहतर सुविधाएं देना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार का प्रयास है कि विभिन्न क्षेत्रों में काम करने वाली महिलाओं को बेहतर अवसर, सम्मान और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के योगदान से महिला और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन को मजबूती मिल रही है। मानदेय वृद्धि की घोषणा भी उनके कार्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
दोनों संगठनों की पदाधिकारी रहीं मौजूद
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सेविका कर्मचारी यूनियन उत्तराखंड की प्रांतीय महासचिव चित्रकला, प्रांतीय कोषाध्यक्ष लक्ष्मी पंत और प्रांतीय उपाध्यक्ष ज्योतिका पांडे शामिल रहीं।
वहीं उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महामंत्री वृन्दा, प्रदेश अध्यक्ष भगवती बिष्ट और प्रदेश उपाध्यक्ष राजमती नेगी सहित दोनों संगठनों के अन्य पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
दिसंबर 2026 से प्रस्तावित मानदेय वृद्धि को लेकर आंगनबाड़ी संगठनों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। अब प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और भोजनमाताओं को मानदेय वृद्धि लागू होने का इंतजार है।




