Daily Live Uttarakhand updateअपीलअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडउर्स मेलाएक्सक्लूसिव खबरें

उर्स के बीच कलियर के ज्वेलरी बाजार में भीषण आग, धधकती लपटों से मची भगदड़,, दरगाह पहाड़ी गेट के पास अचानक आग ने लिया विकराल रूप, जायरीनों में अफरा-तफरी; आसपास की दुकानें बाल-बाल बचीं, दमकल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

उर्स के बीच कलियर के ज्वेलरी बाजार में भीषण आग, धधकती लपटों से मची भगदड़,,

दरगाह पहाड़ी गेट के पास अचानक आग ने लिया विकराल रूप, जायरीनों में अफरा-तफरी; आसपास की दुकानें बाल-बाल बचीं, दमकल ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

कलियर/हरिद्वार। साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच कलियर में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दरगाह के पहाड़ी गेट के पास स्थित अजमेरी बाजार के ज्वेलरी क्षेत्र में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास की दुकानों पर भी आग फैलने का खतरा मंडराने लगा। उर्स के चलते बाजार में पहले से ही जायरीनों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी, ऐसे में आग की खबर फैलते ही मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ज्वेलरी की दुकानों की ओर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बाजार में मौजूद लोगों ने तत्काल आसपास के दुकानदारों और पुलिस को सूचना दी। आग की भयावहता देखकर लोग अपनी दुकानों का सामान समेटने और सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।

लपटें बढ़ीं तो सहमे दुकानदार, स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी मौके पर जुट गए। उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। बताया गया कि आग के चलते आसपास की दुकानों में मौजूद व्यापारियों और कर्मचारियों में भी भारी दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार सूचना मिलने के करीब 20 मिनट बाद दमकल टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद आग पर काबू पाने की कार्रवाई तेज की गई। पुलिस टीम ने भीड़ को नियंत्रित करने और आग के आसपास लोगों की आवाजाही रोकने का प्रयास किया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।

उर्स के दौरान कलियर में भारी संख्या में जायरीनों की मौजूदगी के कारण आग की घटना ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। यदि आग आसपास की दुकानों और भीड़भाड़ वाले हिस्से तक फैलती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आसपास की दुकानें आग की चपेट में आने से बच गईं, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

आग कैसे लगी? नुकसान का आकलन बाकी, जांच में जुटा प्रशासन

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और प्रशासन की ओर से घटना की जांच की जा रही है। आग से कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ, इसका भी तत्काल आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि उर्स जैसे संवेदनशील और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले आयोजन के दौरान बाजारों में आग से निपटने की व्यवस्थाएं कितनी प्रभावी हैं? कलियर में हर साल बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में संकरे बाजारों, दुकानों की भीड़ और भारी आवाजाही के बीच अग्निशमन व्यवस्था को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।

फिलहाल पुलिस-प्रशासन की सक्रियता से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। लेकिन इस घटना ने उर्स के दौरान फायर सेफ्टी, आपातकालीन रास्तों और दमकल की त्वरित पहुंच की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button