हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार’ का बड़ा अभियान: भगवानपुर में सेवा पखवाड़ा शिविर और तहसील दिवस का संगम, 1435 लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ,, 40 शिकायतें पहुंचीं प्रशासन के दरबार, 16 का मौके पर निस्तारण; भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल और चकमार्ग जैसे मुद्दे रहे प्रमुख,, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी— शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
शिविर में स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, आयुष, शिक्षा, श्रम और उद्योग विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की।कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता सुशील त्यागी, लोकसभा संयोजक देवी सिंह राणा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुभाष शर्मा, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी, तहसीलदार दयाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

हरिद्वार में ‘जन-जन की सरकार’ का बड़ा अभियान: भगवानपुर में सेवा पखवाड़ा शिविर और तहसील दिवस का संगम, 1435 लोगों ने उठाया योजनाओं का लाभ,,
40 शिकायतें पहुंचीं प्रशासन के दरबार, 16 का मौके पर निस्तारण; भूमि विवाद, अतिक्रमण, बिजली, पेयजल और चकमार्ग जैसे मुद्दे रहे प्रमुख,,
सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी— शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, हर पात्र तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” अभियान के तहत सोमवार को भगवानपुर विकासखंड मुख्यालय में आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा शिविर और तहसील दिवस में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों की मौजूदगी में आयोजित इस शिविर में कुल 1435 क्षेत्रवासियों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया, जबकि 40 शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आम जनता को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना रहा। शिविर में प्रशासन की सक्रियता और विभिन्न विभागों की संयुक्त भागीदारी देखने को मिली।
भूमि विवाद से लेकर बिजली और वेतन तक की गूंज
तहसील दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद, अतिक्रमण, चकमार्ग, विद्युत व्यवस्था, पेयजल, सिंचाई, शिक्षा और जल निकासी से जुड़ी रहीं। ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने वर्षों से लंबित मामलों को प्रमुखता से उठाया।
ग्राम बिंडू खड़क निवासी मेनपाल सैनी ने संपत्ति पर्ची में पिता का नाम संशोधित कराने की मांग रखी। वहीं प्रमोद कुमार ने पैतृक मकान का ताला तोड़कर सामान निकालने और मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग की। सरठेड़ी शाहजहांपुर एवं अलीपुर खतौला के किसानों ने बंद चकमार्ग की पैमाइश और बहाली की मांग उठाई। ग्राम मोहितपुर निवासी रामपाल ने अतिक्रमण हटाकर चकमार्ग को चालू कराने की मांग रखी।
जिला पंचायत सदस्य अंजू देवी ने आबादी क्षेत्र से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन और सड़क के बीच स्थित ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराने की मांग की। नगर पंचायत खानपुर के संजय कुमार ने विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं की लंबित जांच पूरी कराने की मांग उठाई। वहीं तहसील भगवानपुर के सफाई कर्मचारी रोहित कुमार ने पांच माह से लंबित वेतन भुगतान का मामला प्रशासन के सामने रखा।
सीडीओ का दो टूक संदेश— शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें अधिकारी
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि आम नागरिक को अपनी समस्या के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसी उद्देश्य से सेवा पखवाड़ा और तहसील दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।उन्होंने कहा कि शिविर में दर्ज प्रत्येक शिकायत का समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभाग जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ प्राथमिकता दें।
सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का अभियान
राज्यमंत्री एवं सेवा पखवाड़ा प्रभारी सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य विकास की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि आगामी 18 जुलाई को आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम में भी अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
वहीं राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल योजनाओं के प्रचार का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने को राज्य की ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए इसे मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व की बड़ी सफलता बताया।
सरकारी योजनाओं के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
शिविर में स्वास्थ्य, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास, ऊर्जा, पेयजल, आयुष, शिक्षा, श्रम और उद्योग विभाग सहित अनेक विभागों ने स्टॉल लगाए। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की।
इस दौरान आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वरोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभ भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा प्रवक्ता सुशील त्यागी, लोकसभा संयोजक देवी सिंह राणा, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुभाष शर्मा, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र प्रसाद जोशी, तहसीलदार दयाराम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।



