दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला, 9 जवान घायल; हरिद्वार के एडवोकेट भदोरिया एसोसिएट ने NHRC में दायर की याचिका…… “क्या पुलिस की वर्दी पहनने के बाद पुलिसकर्मी का मानवाधिकार समाप्त हो जाता है?” आयोग से घायल पुलिसकर्मियों के अधिकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग

दिल्ली में पुलिसकर्मियों पर चाकू से जानलेवा हमला, 9 जवान घायल; हरिद्वार के एडवोकेट भदोरिया एसोसिएट ने NHRC में दायर की याचिका……
“क्या पुलिस की वर्दी पहनने के बाद पुलिसकर्मी का मानवाधिकार समाप्त हो जाता है?” आयोग से घायल पुलिसकर्मियों के अधिकारों की सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की मांग
हरिद्वार। दिल्ली के जामा मस्जिद पुलिस थाने में पुलिसकर्मियों पर हुए चाकू से हमले के मामले में अब हरिद्वार के अधिवक्ताओं ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), नई दिल्ली का दरवाजा खटखटाया है। भदोरिया एसोसिएट ग्रुप की ओर से आयोग में याचिका दायर कर घायल नौ पुलिसकर्मियों के जीवन, स्वास्थ्य, सुरक्षा और मानवाधिकारों के संरक्षण की मांग की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर 2026 को जामा मस्जिद पुलिस थाने में मोहम्मद नबील को उसकी मां और बहन की ओर से दर्ज शिकायत के संबंध में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि पूछताछ के दौरान नबील ने अचानक चाकू निकालकर थाने में मौजूद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस हमले में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीछा करने पहुंची पुलिस टीम के चार अन्य पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। इस प्रकार कुल नौ पुलिसकर्मी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार कराया जा रहा है।
पुलिसकर्मियों के मानवाधिकारों का भी हो संरक्षण
इस घटना को लेकर भदोरिया एसोसिएट के अधिवक्ता अरुण भदोरिया, कमल भदोरिया, सुमेधा भदोरिया, रेखा पांडे, एलएलबी के छात्र चेतन भदोरिया और शाहनवाज मलिक ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में याचिका दायर की है।
याचिका में केंद्र सरकार के गृह विभाग के प्रमुख सचिव, न्याय विभाग के प्रमुख सचिव और दिल्ली पुलिस आयुक्त को पक्षकार बनाया गया है।
याचिकाकर्ताओं का कहना है कि यह मामला केवल पुलिस विभाग की कानून-व्यवस्था से जुड़ा नहीं है, बल्कि नौ पुलिसकर्मियों के जीवन, व्यक्तिगत स्वतंत्रता, शारीरिक सुरक्षा और मानवीय गरिमा से संबंधित गंभीर मानवाधिकार का विषय है।
याचिका में सवाल उठाया गया है कि जब किसी अभियुक्त या बंदी के साथ अनुचित व्यवहार होने पर मानवाधिकार संस्थाएं संज्ञान लेती हैं, तो ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला होने पर उनके मानवाधिकारों की सुरक्षा के लिए भी समान संवेदनशीलता क्यों नहीं दिखाई जानी चाहिए?
याचिकाकर्ताओं ने सवाल उठाया कि क्या पुलिस की वर्दी पहनने के बाद किसी पुलिसकर्मी का मानवाधिकार समाप्त हो जाता है? पुलिसकर्मी का जीवन, स्वास्थ्य, परिवार और सुरक्षा भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। मानवाधिकारों का संरक्षण केवल अपराध के आरोपियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि अपराध का मुकाबला करते हुए घायल होने वाले पुलिसकर्मियों को भी समान सुरक्षा मिलनी चाहिए।
थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
याचिका में समाचार रिपोर्टों का हवाला देते हुए थाने में उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिकाकर्ताओं ने मांग की है कि घटना के समय पर्याप्त हथियार, सुरक्षा उपकरण, आपातकालीन सहायता और पुलिस बल की उपलब्धता की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
NHRC से की गईं प्रमुख मांगें
भदोरिया एसोसिएट की ओर से राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से मांग की गई है कि:
- 23 नवंबर 2026 को जामा मस्जिद पुलिस थाने में हुए चाकू से हमले का स्वतः संज्ञान लिया जाए अथवा याचिका पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
- घायल नौ पुलिसकर्मियों के नाम, वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति, चोटों की गंभीरता और उपलब्ध कराए गए चिकित्सा उपचार के संबंध में दिल्ली पुलिस आयुक्त एवं संबंधित अस्पताल से विस्तृत रिपोर्ट तलब की जाए।
- पुलिस थाने में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, हथियार, आपातकालीन सहायता और पुलिस बल की उपलब्धता के संबंध में रिपोर्ट मांगी जाए।
- भविष्य में पुलिसकर्मियों पर इस प्रकार के हमलों को रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी ली जाए।
- देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस महानिदेशकों को निर्देश जारी किए जाएं कि ड्यूटी के दौरान घायल होने वाले पुलिसकर्मियों के चिकित्सा उपचार, बीमा, आर्थिक सहायता और पुनर्वास को प्राथमिकता दी जाए।
- पुलिसकर्मियों के विरुद्ध होने वाली हिंसा और जानलेवा हमलों को भी मानवाधिकार संरक्षण के दृष्टिकोण से गंभीरता से लिया जाए।
घायल पुलिसकर्मियों के परिवारों की मदद का भी मुद्दा
याचिका में यह भी कहा गया है कि ड्यूटी के दौरान गंभीर रूप से घायल होने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारों को मानसिक, आर्थिक और सामाजिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में उनके समुचित उपचार, पुनर्वास और उचित आर्थिक सहायता के लिए भी आयोग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने चाहिए।
भदोरिया एसोसिएट ग्रुप की इस याचिका के जरिए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के समक्ष यह महत्वपूर्ण सवाल रखा गया है कि मानवाधिकारों की सुरक्षा का दायरा पुलिसकर्मियों तक भी समान रूप से पहुंचना चाहिए। अब इस मामले में आयोग की ओर से की जाने वाली कार्रवाई पर नजर रहेगी।



