Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

गंगा संरक्षण पर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध सख्त! नालों में गोबर डालने वाले डेयरी संचालकों के कटेंगे चालान, गंगा घाटों से हटेगा अतिक्रमण…… जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में प्रदूषण और गंदगी पर कार्रवाई के निर्देश, गंगा में गंदा पानी गिरने से रोकने के लिए जल संस्थान को सौंपी जिम्मेदारी; प्लास्टिक फैलाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा

गंगा संरक्षण पर डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध सख्त! नालों में गोबर डालने वाले डेयरी संचालकों के कटेंगे चालान, गंगा घाटों से हटेगा अतिक्रमण……

जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में प्रदूषण और गंदगी पर कार्रवाई के निर्देश, गंगा में गंदा पानी गिरने से रोकने के लिए जल संस्थान को सौंपी जिम्मेदारी; प्लास्टिक फैलाने वालों पर भी कसेगा शिकंजा

हरिद्वार, 28 नवंबर। धर्मनगरी हरिद्वार में मां गंगा की स्वच्छता, निर्मलता और संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती का रुख अपनाया है। जिला गंगा समिति की 78वीं बैठक में गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने, घाटों को अतिक्रमण से मुक्त कराने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने की।

बैठक में नगर निगम, जल संस्थान सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों को गंगा संरक्षण के लिए अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए। खास तौर पर डेयरी संचालकों द्वारा नालों में गोबर डालने की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम को कार्रवाई के लिए कहा गया।

नालों में गोबर डालने वालों पर होगी चालानी कार्रवाई

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने नगर निगम हरिद्वार को निर्देशित किया कि शहर के सभी डेयरी संचालकों को नालों में गोबर और अन्य गंदगी नहीं डालने के लिए जागरूक किया जाए। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले डेयरी संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा और प्लास्टिक फैलाने वालों के खिलाफ भी अधिक से अधिक चालान करने के निर्देश दिए गए।

गंगा में गंदा पानी गिरने पर रहेगी निगरानी

गंगा को प्रदूषणमुक्त रखने के लिए जल संस्थान को विशेष निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि किसी भी स्थिति में गंदा पानी अथवा नालों का पानी गंगा नदी में न गिरने पाए। इसके लिए नियमित निगरानी की जाए और कहीं भी ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

घाटों से हटेगा अतिक्रमण, अभियान में आएगी तेजी

बैठक में गंगा किनारे स्थित घाटों पर अतिक्रमण की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अतिक्रमण हटाने के लिए गठित टीमों के माध्यम से अभियान को और तेज किया जाए, ताकि गंगा घाटों को अतिक्रमणमुक्त बनाने के साथ उनकी स्वच्छता और व्यवस्था भी बेहतर की जा सके।

विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश

डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध ने कहा कि गंगा का संरक्षण केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों और समिति के सदस्यों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और गंगा की स्वच्छता एवं निर्मलता बनाए रखने के प्रयासों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।

बैठक में मीनाक्षी मित्तल, राजेश चौहान, राजेंद्र सिंह, सत्यदेव आर्य, एमएन जोशी, कुलदीप सिंह, प्रशांत पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जिला गंगा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button