Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

धामी सरकार का विकास कार्यों पर बड़ा दांव! ₹56 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी, कैंची धाम बाईपास से लेकर चंपावत पार्किंग तक होंगे बड़े निर्माण कार्य… देहरादून, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और चमोली को मिली विकास कार्यों की सौगात; सड़क, पार्किंग, पुलिस भवन, आवास और न्यायिक विभाग के वाहनों के लिए धनराशि स्वीकृत

धामी सरकार का विकास कार्यों पर बड़ा दांव! ₹56 करोड़ की योजनाओं को मंजूरी, कैंची धाम बाईपास से लेकर चंपावत पार्किंग तक होंगे बड़े निर्माण कार्य…

देहरादून, नैनीताल, चंपावत, टिहरी और चमोली को मिली विकास कार्यों की सौगात; सड़क, पार्किंग, पुलिस भवन, आवास और न्यायिक विभाग के वाहनों के लिए धनराशि स्वीकृत

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 56 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत सड़क सुधार, मल्टीलेवल पार्किंग, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पुलिस भवन, आवास निर्माण और सरकारी वाहनों की खरीद सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों को मंजूरी दी गई है।

कैंची धाम बाईपास को मिले 21.73 करोड़

जनपद नैनीताल के बेतालघाट विकासखंड में दूनीखाल से रातीघाट (पाडली) तक प्रस्तावित श्री कैंची धाम बाईपास मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 2173.60 लाख रुपये यानी करीब 21.74 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं देहरादून कैंट विधानसभा क्षेत्र की बसंत विहार सोसायटी की आंतरिक सड़कों का बीएम/एसडीबीसी तकनीक से सुधारीकरण करने के लिए 202.35 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

चंपावत को पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की सौगात

चंपावत में राजकीय कारागार लोहाघाट की प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग एवं अन्य कार्यों के लिए 6.73 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं रोडवेज स्टेशन चंपावत में आधुनिक स्टोरी पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए स्वीकृत 62.33 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष शेष 18.70 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।

पुलिस और न्यायिक व्यवस्था को भी मजबूती

वित्तीय वर्ष 2026-27 में अभिसूचना अधिष्ठान के गुप्त सेवा व्यय के लिए अनुपूरक बजट में प्रावधानित एक करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त करने को मंजूरी दी गई है।

टिहरी जनपद के थाना छाम के प्रशासनिक भवन निर्माण के लिए उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित करते हुए 381.75 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा चमोली के फायर स्टेशन गोपेश्वर में टाइप-द्वितीय के आठ आवासों के निर्माण के लिए 170.93 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। उच्च न्यायालय उत्तराखंड, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टिहरी गढ़वाल और मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पौड़ी गढ़वाल के शासकीय कार्यों के लिए नए वाहन खरीदने हेतु 27.21 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री के इन फैसलों से प्रदेश के अलग-अलग जनपदों में सड़क, परिवहन, पार्किंग, पुलिस और न्यायिक सुविधाओं के विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button