भ्रामक विज्ञापन और झूठे दावों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा! खाद्य तेल कंपनी, Amazon और एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह को नोटिस,, फोर्टिफाइड फूड लोगो के इस्तेमाल से लेकर हेल्थ क्लेम तक सवालों के घेरे में—लेबल, विज्ञापन और ऑनलाइन प्रोडक्ट डिटेल में मिली कथित अनियमितताओं पर मांगा जवाब

भ्रामक विज्ञापन और झूठे दावों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा! खाद्य तेल कंपनी, Amazon और एक्ट्रेस अर्चना पूरण सिंह को नोटिस,,
फोर्टिफाइड फूड लोगो के इस्तेमाल से लेकर हेल्थ क्लेम तक सवालों के घेरे में—लेबल, विज्ञापन और ऑनलाइन प्रोडक्ट डिटेल में मिली कथित अनियमितताओं पर मांगा जवाब
हरिद्वार, 11 सितंबर 2026। खाद्य उत्पादों के नाम पर उपभोक्ताओं को कथित तौर पर भ्रमित करने वाले विज्ञापनों और दावों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। खाद्य तेल उत्पाद प्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के लेबल, प्रचार-प्रसार और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित जानकारी की जांच में कथित अनियमितताएं सामने आने के बाद निर्माता कंपनी, Amazon की संबंधित कंपनी और फिल्म अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह को नोटिस जारी किया गया है।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी के अनुसार वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने खाद्य तेल का नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया था। जांच के दौरान उत्पाद के लेबल पर अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह की तस्वीर के साथ “खाना बनाओ, स्वाद पाओ” टैगलाइन से प्रचार किया जाना तथा फोर्टिफाइड फूड का लोगो प्रदर्शित होना पाया गया।
बिना प्रमाणन फोर्टिफाइड लोगो इस्तेमाल करने का आरोप
खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में निर्माता कंपनी मैसर्स तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, आगरा से फोर्टिफाइड फूड लोगो के इस्तेमाल से संबंधित प्रमाणन और दस्तावेज मांगे गए हैं। विभाग के अनुसार कंपनी द्वारा FSSAI से आवश्यक प्रमाणन कराए बिना लोगो के उपयोग को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इसके अलावा खाद्य तेल के लेबल पर किए गए विभिन्न क्लेम और हेल्थ क्लेम को लेकर भी कंपनी से दस्तावेजी प्रमाण मांगे गए हैं। विभाग ने कंपनी से इन दावों की वैधता और आधार स्पष्ट करने को कहा है।
अर्चना पूरण सिंह से भी मांगा विज्ञापन एग्रीमेंट और सहमति पत्र
उत्पाद के प्रचार-प्रसार में अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह की तस्वीर और इंडोर्समेंट का इस्तेमाल किए जाने को लेकर उन्हें भी नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने उनसे खाद्य उत्पाद के विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट से संबंधित एग्रीमेंट, सहमति पत्र तथा किए गए दावों से संबंधित जानकारी प्रस्तुत करने को कहा है।
Amazon पर भी उठे सवाल, ऑनलाइन प्रोडक्ट डिटेल पर मांगा जवाब
मामला केवल पैकेजिंग और विज्ञापन तक सीमित नहीं रहा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Amazon पर उपलब्ध उत्पाद की जानकारी को लेकर भी आपत्ति जताई है।
विभाग के अनुसार Amazon के माध्यम से ग्राहकों को खाद्य तेल ऑनलाइन उपलब्ध कराया जा रहा था और वेबसाइट पर उत्पाद की डिटेल में कथित तौर पर अतिशयोक्तिपूर्ण दावे एवं गलत जानकारी प्रदर्शित की गई थी। इसी को लेकर मैसर्स Amazon Seller Services Private Limited, हुबली, कर्नाटक को भी नोटिस जारी कर संबंधित दावों एवं जानकारियों के समर्थन में दस्तावेजों सहित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
खाद्य उत्पादों के विज्ञापनों पर विभाग की सख्ती का संदेश
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग, विज्ञापन, सेलिब्रिटी इंडोर्समेंट और ऑनलाइन बिक्री के दौरान किए जाने वाले दावों को लेकर विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है। उपभोक्ताओं को प्रभावित करने वाले हेल्थ क्लेम, फोर्टिफाइड लोगो और प्रचार सामग्री की वैधता पर सवाल पाए जाने पर संबंधित निर्माता, विक्रेता और प्रचार से जुड़े पक्षों से जवाब मांगा जा रहा है।
अब इन नोटिसों के जवाब और प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों के आधार पर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।



