अलर्टउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

भारी बारिश में हरिद्वार पुलिस बनी आमजन का सहारा!,, रानीपुर मोड़ पर जलभराव के बीच ट्रैफिक डायवर्ट, भगत सिंह चौक से सुरक्षित निकाला गया यातायात; एसएसपी ने जारी की महत्वपूर्ण अपील,, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर बोले— अत्यधिक आवश्यक होने पर ही करें यात्रा, पुलिस हर मोर्चे पर मुस्तैद; सुरक्षित रहें और प्रशासन का सहयोग करें

भारी बारिश में हरिद्वार पुलिस बनी आमजन का सहारा!,,

रानीपुर मोड़ पर जलभराव के बीच ट्रैफिक डायवर्ट, भगत सिंह चौक से सुरक्षित निकाला गया यातायात; एसएसपी ने जारी की महत्वपूर्ण अपील,,

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर बोले— अत्यधिक आवश्यक होने पर ही करें यात्रा, पुलिस हर मोर्चे पर मुस्तैद; सुरक्षित रहें और प्रशासन का सहयोग करें

हरिद्वार। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हरिद्वार पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर डटी हुई है। मौसम विभाग द्वारा भारी वर्षा का अलर्ट जारी किए जाने के बाद पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। जलभराव और यातायात बाधित होने की स्थिति में पुलिसकर्मी स्वयं सड़क पर उतरकर लोगों को सुरक्षित मार्गों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने में जुटे हैं।

गुरुवार सुबह रानीपुर मोड़ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण सड़क पर काफी अधिक जलभराव हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने लगी। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला और यातायात को नियंत्रित करते हुए वैकल्पिक मार्गों से वाहनों को सुरक्षित निकाला। इसके साथ ही जंबो भगत सिंह चौक से भी ट्रैफिक को व्यवस्थित ढंग से डायवर्ट कर सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया गया।

हरिद्वार पुलिस के जवान लगातार बारिश के बीच अपनी ड्यूटी निभाते हुए लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। पुलिसकर्मी जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वयं मौजूद रहकर वाहन चालकों को सुरक्षित रास्तों की जानकारी दे रहे हैं तथा किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए सतर्कता बरत रहे हैं।

इस संबंध में एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में नागरिक अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें। यदि यात्रा करना जरूरी हो तो पहले मौसम और यातायात की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

एसएसपी ने कहा कि हरिद्वार पुलिस जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए हुए है। जहां कहीं भी जलभराव या सड़क अवरुद्ध होने जैसी स्थिति सामने आ रही है, वहां तत्काल पुलिस बल तैनात कर लोगों को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

हरिद्वार पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि जलभराव वाले मार्गों, तेज बहाव वाले नालों और नदी किनारे जाने से बचें। अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या स्थानीय पुलिस से संपर्क करें।

लगातार हो रही बारिश के बीच हरिद्वार पुलिस की यह सक्रियता लोगों के लिए राहत का कारण बनी हुई है। पुलिस का संदेश स्पष्ट है— सुरक्षित रहें, सतर्क रहें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें।

Related Articles

Back to top button