उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में महिला डॉक्टर ने पति पर दर्ज कराया मुकदमा, शादी में धोखाधड़ी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप,, पति भी हैं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ, दो शादियां छिपाकर विवाह करने और नपुंसक होने का लगाया आरोप,, सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच, थानाध्यक्ष बोले— पीड़िता को मिलेगा न्याय

हरिद्वार में महिला डॉक्टर ने पति पर दर्ज कराया मुकदमा, शादी में धोखाधड़ी और प्रताड़ना के गंभीर आरोप,,

पति भी हैं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ, दो शादियां छिपाकर विवाह करने और नपुंसक होने का लगाया आरोप,,

सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच, थानाध्यक्ष बोले— पीड़िता को मिलेगा न्याय

हरिद्वार। हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र से एक चर्चित मामला सामने आया है, जहां एक वरिष्ठ महिला डॉक्टर ने अपने पति, जो स्वयं भी वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ हैं, के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सिडकुल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। मामला सामने आने के बाद चिकित्सा जगत और स्थानीय क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2025 में नोएडा में दोनों का विवाह हुआ था। शादी के बाद उन्हें पता चला कि उनके पति पहले ही दो शादियां कर चुके हैं, लेकिन यह तथ्य उनसे छिपाया गया। महिला डॉक्टर का आरोप है कि उनके साथ धोखाधड़ी कर विवाह किया गया।

महिला डॉक्टर ने अपने पति पर यह भी आरोप लगाया है कि वह नपुंसक हैं और विवाह से पहले इस महत्वपूर्ण तथ्य को भी छिपाया गया। इसके अलावा उन्होंने पति पर मारपीट, मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

बताया जा रहा है कि पति-पत्नी हरिद्वार के सिडकुल क्षेत्र स्थित एक पॉश सोसायटी में रह रहे थे। विवाद बढ़ने के बाद महिला डॉक्टर ने पुलिस की शरण ली और तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

सिडकुल थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से जांच कर रही है।

नोट: यह खबर पुलिस में दर्ज शिकायत और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। आरोपी पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button