Daily Live Uttarakhand updateउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंस्पोर्ट्स

कुलश्रेष्ठ का शानदार पंच! राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, उत्तराखंड का बढ़ाया मान,, अंडर-17 के 54 किलो वर्ग में कुलश्रेष्ठ ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर हासिल किया स्वर्ण, एशियन चैंपियनशिप के लिए भी चयन

कुलश्रेष्ठ का शानदार पंच! राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में जीता गोल्ड, उत्तराखंड का बढ़ाया मान,,

अंडर-17 के 54 किलो वर्ग में कुलश्रेष्ठ ने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर हासिल किया स्वर्ण, एशियन चैंपियनशिप के लिए भी चयन

हरिद्वार। 15वीं राष्ट्रीय वोविनाम चैंपियनशिप में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने रिंग पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। Ashihara Karate Mix Martial Arts Association के 8 खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय मंच पर दमखम दिखाते हुए 3 स्वर्ण, 2 रजत और 1 कांस्य सहित कुल 6 पदक अपने नाम किए। शानदार प्रदर्शन के दम पर उत्तराखंड ने ऑल ओवर इंडिया में पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में करीब 27 राज्यों के 700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उत्तराखंड से लगभग 110 खिलाड़ी अलग-अलग आयु और भार वर्गों में मैदान में उतरे। इनमें कुलश्रेष्ठ ने अंडर-17 के 54 किलोग्राम भार वर्ग में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

54 किलो वर्ग में कुलश्रेष्ठ का दबदबा

कुलश्रेष्ठ ने मुकाबलों में अपनी आक्रामक रणनीति, तकनीकी कौशल और शानदार फिटनेस का प्रदर्शन किया। हर राउंड में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ मुकाबला करते हुए प्रतिद्वंद्वियों पर दबाव बनाए रखा और आखिरकार गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

राष्ट्रीय स्तर पर कुलश्रेष्ठ के इस प्रदर्शन ने उन्हें आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का टिकट भी दिला दिया। कुलश्रेष्ठ का चयन नवंबर में कंबोडिया में होने वाली एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। उनके साथ उत्तराखंड के निहाल शर्मा और अजय शर्मा भी एशियन चैंपियनशिप के लिए चयनित हुए हैं।

तीन गोल्ड के साथ उत्तराखंड नंबर-1

उत्तराखंड के लिए शिवन्या कल्याण ने अंडर-10 के 24 किलोग्राम और अजय शर्मा ने अंडर-17 के 88 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।

निहाल शर्मा ने अंडर-17, 50 किलो तथा आर्या गुप्ता ने अंडर-10, 21 किलो वर्ग में रजत पदक हासिल किया। समृद्धि शर्मा ने अंडर-10, +35 किलो वर्ग में कांस्य पदक जीता। वहीं आरव भारद्वाज और देवांश कुमार ने भी शानदार प्रदर्शन कर अपनी तकनीकी क्षमता का लोहा मनवाया।

राष्ट्रीय प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय मंच तक

उत्तराखंड चीफ अमित कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का ऑल ओवर इंडिया में प्रथम स्थान हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कुलश्रेष्ठ सहित सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कुलश्रेष्ठ जैसे युवा खिलाड़ियों का राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड जीतना और इसके बाद एशियन चैंपियनशिप के लिए चयनित होना उत्तराखंड में मार्शल आर्ट्स के बढ़ते स्तर को दर्शाता है।

कुलश्रेष्ठ अब राष्ट्रीय स्वर्ण पदक की लय को अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी बरकरार रखने के इरादे से एशियन चैंपियनशिप में उतरेंगे।

Related Articles

Back to top button