लक्सर में बारिश का कहर, विधायक मोहम्मद शहजाद ने उठाई विशेष आपदा राहत कोष की मांग! मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने की अपील, राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश,, लगातार जलभराव और बाढ़ जैसे हालात से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग

लक्सर में बारिश का कहर, विधायक मोहम्मद शहजाद ने उठाई विशेष आपदा राहत कोष की मांग!
मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने की अपील, राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश,,
लगातार जलभराव और बाढ़ जैसे हालात से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग
लक्सर/हरिद्वार। लगातार हो रही बारिश और जलभराव से प्रभावित लक्सर विधानसभा क्षेत्र के हालात को देखते हुए विधायक मोहम्मद शहजाद ने मुख्यमंत्री उत्तराखंड को पत्र भेजकर क्षेत्र के लिए विशेष आपदा राहत कोष जारी करने की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि लगातार बारिश के कारण लक्सर क्षेत्र के कई गांवों और आबादी वाले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है और किसानों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराना आवश्यक है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि लक्सर विधानसभा क्षेत्र के लिए विशेष आपदा राहत कोष स्वीकृत किया जाए, ताकि प्रभावित लोगों को समय पर आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।
इसके साथ ही विधायक मोहम्मद शहजाद ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी की निकासी, जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाने और संभावित जोखिम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
विधायक ने भरोसा जताया कि राज्य सरकार लक्सर की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी, जिससे प्रभावित लोगों को राहत मिल सके और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो सके।



