उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर अब तक की सबसे बड़ी चोट,, 5,000 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, ₹1 लाख का चालान; खड़खड़ी के गोदाम पर नगर निगम, तहसील और पुलिस की संयुक्त छापेमारी,, गंगा किनारे जहर बेचने वालों पर प्रशासन का हंटर, नगर आयुक्त नंदन कुमार बोले—सिंगल यूज़ प्लास्टिक का कारोबार किसी कीमत पर नहीं होगा बर्दाश्त

छापेमारी अभियान के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

हरिद्वार में सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर अब तक की सबसे बड़ी चोट,,

5,000 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, ₹1 लाख का चालान; खड़खड़ी के गोदाम पर नगर निगम, तहसील और पुलिस की संयुक्त छापेमारी,,

गंगा किनारे जहर बेचने वालों पर प्रशासन का हंटर, नगर आयुक्त नंदन कुमार बोले—सिंगल यूज़ प्लास्टिक का कारोबार किसी कीमत पर नहीं होगा बर्दाश्त

इन्तजार रजा हरिद्वार | 14 जुलाई 2026…गंगा की पवित्रता को प्रदूषित करने वाले सिंगल यूज़ प्लास्टिक माफियाओं पर हरिद्वार प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ा प्रहार किया है। नगर निगम हरिद्वार, तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को खड़खड़ी स्थित बैरागी धर्मशाला के सामने नानक चंद के गोदाम पर छापेमारी कर लगभग 5,000 किलोग्राम प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक बरामद की। मौके पर पूरी खेप जब्त करते हुए संबंधित व्यक्ति पर ₹1 लाख का चालान भी किया गया।

बताया गया कि नगर निगम को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि हरकी पैड़ी, घाट क्षेत्र और आसपास के इलाकों में पॉलीथीन एवं सिंगल यूज़ प्लास्टिक बेचने वाले छोटे दुकानदारों को इसी गोदाम से बड़े पैमाने पर माल सप्लाई किया जा रहा था। यही प्रतिबंधित प्लास्टिक गंगा स्नान, पर्व स्नान और बड़े धार्मिक आयोजनों के दौरान गंगा में पहुंचकर प्रदूषण फैलाने का प्रमुख कारण बन रही थी।

सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने पहले गोपनीय निगरानी शुरू की। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को तहसील प्रशासन और पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई। टीम ने गोदाम में पहुंचते ही भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद कर उसे तत्काल जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि हरिद्वार की धार्मिक और पर्यावरणीय गरिमा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का मानना है कि यह कार्रवाई केवल एक गोदाम तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे शहर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक की सप्लाई चेन को ध्वस्त करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। विशेष रूप से कांवड़ मेला और अन्य बड़े धार्मिक आयोजनों से पहले ऐसे कारोबारियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि गंगा तट और मेला क्षेत्र को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सके।

पर्यावरण विशेषज्ञों का भी कहना है कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक केवल गंगा ही नहीं, बल्कि पशुओं, जल निकासी व्यवस्था और मानव स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे में प्रशासन की यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

छापेमारी अभियान के दौरान नगर आयुक्त नंदन कुमार, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, तहसीलदार सचिन कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, मुख्य सफाई निरीक्षक मनोज कुमार, उप निरीक्षक नवीन नेगी सहित नगर निगम, तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौजूद रही।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि हरिद्वार में अब प्रतिबंधित सिंगल यूज़ प्लास्टिक का कारोबार करने वालों के लिए कोई राहत नहीं होगी। नियमों की अनदेखी करने वालों पर लगातार छापेमारी, भारी जुर्माना और आवश्यक होने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button