अपराधअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

बीएचईएल मध्य मार्ग पर स्टंटबाजों पर रानीपुर पुलिस का एक्शन! वायरल वीडियो ने पहुंचाया थाने, बाइकें सीज कर युवकों को सिखाया सबक,, सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंग का वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, दो बाइक चालकों समेत चार युवकों पर हुई कार्रवाई,, प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी की चेतावनी— “सड़क स्टंट का मंच नहीं, जान जोखिम में डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”

बीएचईएल मध्य मार्ग पर स्टंटबाजों पर रानीपुर पुलिस का एक्शन! वायरल वीडियो ने पहुंचाया थाने, बाइकें सीज कर युवकों को सिखाया सबक,,

सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट और हुड़दंग का वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस, दो बाइक चालकों समेत चार युवकों पर हुई कार्रवाई,,

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी की चेतावनी— “सड़क स्टंट का मंच नहीं, जान जोखिम में डालने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई”

इन्तजार रज़ा, हरिद्वार… हरिद्वार के बीएचईएल मध्य मार्ग पर मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंट करना और सड़क पर हुड़दंग मचाना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए कोतवाली रानीपुर पुलिस ने तेज कार्रवाई कर स्टंट करने वाले युवकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक बीएचईएल मध्य मार्ग पर मोटरसाइकिलों से खतरनाक स्टंट करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में युवकों द्वारा यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए सड़क पर हुड़दंग मचाया जा रहा था। मामला सामने आते ही प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में रानीपुर पुलिस ने जांच शुरू की और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस जांच में स्टंट करने वाले दो बाइक चालक चिन्हित किए गए। इनमें अभिषेक पुत्र रामबाबू निवासी ब्रह्मपुरी रावली महदूद और फरहान पुत्र गुलफाम निवासी दादूपुर गोविन्दपुर शामिल हैं। दोनों युवक क्रमशः पल्सर और अपाची मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करते पाए गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत सीज कर दिया।इतना ही नहीं, स्टंटबाजों के साथ मौजूद मनीष पाल और अनुज कुमार नामक दो अन्य युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। दोनों का पुलिस अधिनियम की धारा-81 के तहत चालान कर ₹500 का संयोजन शुल्क वसूल किया गया।

रानीपुर पुलिस ने सभी युवकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में इस प्रकार की हरकत दोबारा न करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि स्वयं तथा अन्य राहगीरों की जान को भी गंभीर खतरे में डालता है।

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस ने युवाओं और अभिभावकों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने या दिखावा करने के लिए सड़क पर स्टंट करने जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रहें। कुछ सेकंड का रोमांच किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति सड़क पर स्टंट, रेसिंग या यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध और भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नन्दकिशोर ग्वाड़ी तथा हेड कांस्टेबल गोपीचन्द पूनियाँ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रानीपुर पुलिस की इस तत्पर कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि हरिद्वार में सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी।

Related Articles

Back to top button