Daily Live Uttarakhand updateअपीलअलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

दरगाह की भीड़ में गायब हुआ 5 साल का ‘लकी’… हर चेहरे पर तलाश, हर कदम पर उम्मीद! चंद घंटों में कलियर पुलिस ने खोज निकाला मासूम,, फोटो, CCTV और स्थानीय सूचना तंत्र बना ‘हथियार’—कलियर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से हज हाउस के पास मिला बच्चा, परिजनों की आंखों में लौट आई खुशी

दरगाह की भीड़ में गायब हुआ 5 साल का ‘लकी’… हर चेहरे पर तलाश, हर कदम पर उम्मीद! चंद घंटों में कलियर पुलिस ने खोज निकाला मासूम,,

फोटो, CCTV और स्थानीय सूचना तंत्र बना ‘हथियार’—कलियर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से हज हाउस के पास मिला बच्चा, परिजनों की आंखों में लौट आई खुशी

हरिद्वार/कलियर। दरगाह क्षेत्र की भारी भीड़… चारों तरफ लोगों की आवाजाही… और इसी भीड़ में अचानक एक परिवार की दुनिया जैसे थम गई। पांच साल का मासूम लकी पुत्र अमित परिवार से बिछड़ गया। कुछ पल पहले तक साथ चल रहा बच्चा अचानक आंखों से ओझल हुआ तो परिजनों के होश उड़ गए। आसपास तलाश हुई, आवाजें लगाई गईं, लेकिन मासूम का कोई सुराग नहीं मिला।

परिजनों को यह डर भी सताने लगा कि कहीं भीड़ का फायदा उठाकर कोई अनहोनी न हो जाए। परिवार ने तत्काल थाना कलियर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मामला मासूम बच्चे के लापता होने का था, इसलिए पुलिस ने इसे बेहद गंभीरता से लिया और बिना समय गंवाए तलाश अभियान शुरू कर दिया।

सूचना मिलते ही एक्टिव हुई पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार, अमित पुत्र वेदपाल निवासी ग्राम बिंदु खड़क, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार परिवार सहित कलियर दरगाह क्षेत्र में आए थे। दरगाह से निकलने के बाद भीड़ में उनका पांच वर्षीय बेटा लकी उनसे बिछड़ गया।

सूचना मिलते ही थाना कलियर पुलिस ने टीम गठित कर मासूम की तलाश शुरू की। पुलिसकर्मियों ने बच्चे का फोटो लेकर दरगाह क्षेत्र और आसपास के नगर पंचायत इलाके में लोगों को दिखाना शुरू किया। स्थानीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया गया और फोटो को स्थानीय व्हाट्सऐप ग्रुपों में प्रसारित कर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया गया।

CCTV ने जोड़ा सुराग, हज हाउस के पास मिली ‘लकी’ की लोकेशन

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज का अवलोकन भी शुरू किया। एक-एक रास्ते और संभावित स्थान को खंगाला गया। पुलिस की सक्रियता और स्थानीय लोगों से मिली सूचना के बीच आखिरकार तलाश अभियान को सफलता मिली।

लापता मासूम लकी हज हाउस के पास सकुशल मिल गया।

बच्चे के मिलते ही पुलिस टीम ने राहत की सांस ली और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। जिस परिवार के चेहरे पर कुछ देर पहले चिंता और डर साफ दिखाई दे रहा था, उसी परिवार की आंखों में बच्चे को देखते ही खुशी लौट आई।

परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

मासूम के सकुशल मिलने पर परिजनों ने कलियर पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार जताया। वहीं, स्थानीय स्तर पर भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने न केवल एक परिवार को बड़ी चिंता से बाहर निकाला, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास को भी मजबूत किया।

यह थी पुलिस टीम

इस सफल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, मुख्य आरक्षी सोनू चौधरी, मुख्य आरक्षी जयप्रकाश, आरक्षी जितेंद्र कुमार, चालक नीरज राणा और महिला होमगार्ड गीता शामिल रहे।

दरगाह जैसे भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बच्चों के परिवार से बिछड़ने की घटनाएं चिंता का विषय रहती हैं। ऐसे में कलियर पुलिस की यह कार्रवाई बताती है कि समय पर सूचना, CCTV निगरानी, स्थानीय सूचना तंत्र और पुलिस की सक्रियता मिलकर किसी बड़ी चिंता को कुछ ही घंटों में राहत की खबर में बदल सकती है।

Related Articles

Back to top button