शीतलहर और घने कोहरे का असर,, हरिद्वार में कल 30 दिसंबर को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद,, आदेश का उल्लंघन करने पर होगी आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई

इन्तजार रजा हरिद्वार- शीतलहर और घने कोहरे का असर,,
हरिद्वार में कल 30 दिसंबर को कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल बंद,,
आदेश का उल्लंघन करने पर होगी आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई

हरिद्वार।
उत्तराखण्ड में बढ़ती शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनपद हरिद्वार में विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 29 दिसंबर 2025 को दोपहर 01:30 बजे जारी 5 दिवसीय जनपद स्तरीय मौसम चेतावनी के तहत 30 दिसंबर 2025 को हरिद्वार जनपद में कहीं-कहीं शीत दिवस और घने कोहरे की संभावना जताई गई है। इस चेतावनी के आधार पर जनपद हरिद्वार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम की गंभीरता और शीतकालीन आपदा की स्थिति को देखते हुए प्रभारी जिलाधिकारी हरिद्वार द्वारा आदेश जारी करते हुए दिनांक 30 दिसंबर 2025 को जनपद के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय, अर्द्ध-शासकीय, सरकारी सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के दृष्टिगत तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि ठंड, कोहरे और दृश्यता में कमी के कारण सुबह के समय बच्चों का स्कूल जाना जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी स्कूल प्रबंधन और संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिला प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि किसी भी विद्यालय या संस्था द्वारा इस आदेश का उल्लंघन किया गया, तो संबंधित के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इससे साफ है कि प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा।
इस आदेश की प्रतिलिपि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त/प्रशासन), नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक), जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास) तथा जिला सूचना अधिकारी को भेजी गई है। जिला सूचना अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि इस सूचना का दैनिक समाचार पत्रों में निःशुल्क प्रकाशन कराकर आमजन तक व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।
प्रभारी जिलाधिकारी हरिद्वार ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाव के लिए घर पर सुरक्षित रखें और मौसम विभाग द्वारा जारी आगामी अपडेट पर नजर बनाए रखें। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और शीतलहर के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।



