अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंजनता दरबारजनसुनवाईनिरीक्षणपॉलिटिकल तड़काप्रतिबंधितप्रदर्शन

हर सोमवार डीएम मयूर दीक्षित का जनता दरबार जारी,, जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू हुई है प्रशासन की जनता गैराज पहल,, डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आज आयोजित हुई साप्ताहिक जनसुनवाई,, 70 शिकायतें दर्ज, 38 का मौके पर निस्तारण – सीएम हेल्पलाइन मामलों को प्राथमिकता के निर्देश

इन्तजार रजा हरिद्वार- हर सोमवार डीएम मयूर दीक्षित का जनता दरबार जारी,,

जनता की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू हुई है प्रशासन की जनता गैराज पहल,,

डीएम मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आज आयोजित हुई साप्ताहिक जनसुनवाई,,

70 शिकायतें दर्ज, 38 का मौके पर निस्तारण – सीएम हेल्पलाइन मामलों को प्राथमिकता के निर्देश

हरिद्वार, 16 मार्च 2026।
जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासन को आम जनता से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे।

जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 70 शिकायतें और समस्याएं दर्ज की गईं, जिनमें से 38 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई और समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं पहुंचीं प्रशासन तक

जनसुनवाई में मुख्य रूप से राजस्व, भूमि विवाद, बिजली, राशन, अतिक्रमण, पेयजल, सड़क और कृषि से जुड़ी समस्याएं सामने आईं। जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने प्रशासन के सामने अपनी समस्याएं रखीं और शीघ्र समाधान की मांग की।

इस दौरान कविता रानी, ग्राम प्रधान पंचायत भारापुर, विकास खंड रुड़की ने शिकायत करते हुए बताया कि भारापुर बिजलीघर के एक लाइनमैन का व्यवहार क्षेत्र की जनता के साथ ठीक नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली से जुड़ी समस्या आने पर लाइनमैन फोन भी नहीं उठाता, जिससे ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने उक्त लाइनमैन को हटाकर दूसरे लाइनमैन की तैनाती करने की मांग को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा।

इसी प्रकार अनीस अहमद, हसन और इमरान निवासी रणसुरा, तहसील रुड़की ने गांव से लगे एक जोहड़ और नाले पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि खाता संख्या 39 के खसरा नंबर 19 तथा खाता संख्या 34 के खसरा नंबर 26 में स्थित जोहड़ और नाले पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया है, जिसके कारण गांव का रोजमर्रा का पानी सड़क पर जमा हो रहा है और लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने प्रशासन से जोहड़ और नाले को कब्जा मुक्त कराने की मांग की।

ग्रामीणों ने सड़क, बिजली और सिंचाई की समस्याएं भी उठाईं

जनसुनवाई में कई ग्रामीणों ने बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। ग्राम टंडाटीरा बंजारा निवासी ओमपाल सिंह ने बताया कि स्वामित्व योजना के तहत गांव की खतौनी तैयार की गई है, लेकिन किसी कारणवश उनके आवासीय भवन का नाम खतौनी में दर्ज नहीं हो पाया। उन्होंने जिलाधिकारी से अपने नाम को खतौनी में दर्ज कराकर खतौनी जारी करने की मांग की।

वहीं रावली महदूद क्षेत्र के निवासियों ने भी सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी कॉलोनी में सिडकुल हाईवे से सुरेश सैनी के मकान से लेकर सदानंद बैठा के मकान तक कच्चा रास्ता है। इस कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने वहां पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग रखी।

इसके अलावा मूलदासपुर उर्फ माजरा, ब्लॉक रुड़की के निवासी सुमित सैनी ने शिकायत की कि सिंचाई व्यूबवेल संख्या RG-06 की मोटर 28 फरवरी से खराब पड़ी हुई है। मोटर खराब होने के कारण किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है और इससे फसल खराब होने का खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने मोटर को जल्द से जल्द ठीक कराने की मांग की।

एक अन्य शिकायत में शिवा कुमार ने मीटर रीडर द्वारा गलत बिजली रीडिंग दर्ज करने और अत्यधिक बिजली बिल वसूलने का आरोप लगाया। उन्होंने बिजली विभाग से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

डीएम ने दिए सख्त निर्देश

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यदि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में स्थलीय निरीक्षण की आवश्यकता है, उनमें संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण करें और समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और समाधान की दिशा में तुरंत कदम उठाए जाएं।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी हुई समीक्षा

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को तुरंत निपटाया जाए और शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि सीएम हेल्पलाइन में एल-1 स्तर पर 401 शिकायतें और एल-2 स्तर पर 117 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए और शिकायतकर्ताओं से फोन के माध्यम से संपर्क कर स्थिति की जानकारी भी दी जाए।

कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

जनसुनवाई कार्यक्रम में जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, मुख्य चिकित्साधिकारी आर.के. सिंह, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी अतुल प्रताप सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी नलिनी ध्यानी, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता पंवार और परियोजना निदेशक उरेडा वाई.एस. बिष्ट सहित कई विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके अलावा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या में फरियादी भी कार्यक्रम में मौजूद रहे और उन्होंने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन का प्रयास है कि आम जनता की समस्याओं को सीधे सुना जाए और उनका शीघ्र समाधान किया जाए। प्रशासन की इस पहल से लोगों को राहत मिल रही है और उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक प्रभावी मंच भी मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button