नशा मुक्ति केंद्र में खौफनाक वारदात: मरीज की गला रेतकर हत्या, बाथरूम में मिला खून से लथपथ शव,, “तीन माह पहले नशे की लत छुड़ाने के लिए कराया गया था भर्ती, भंगेड़ी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल,, “गले पर मिले गहरे जख्म, पुलिस जांच में जुटी— हत्या या साजिश? पूरे इलाके में सनसनी”

इन्तजार रजा हरिद्वार- नशा मुक्ति केंद्र में खौफनाक वारदात: मरीज की गला रेतकर हत्या, बाथरूम में मिला खून से लथपथ शव,,
“तीन माह पहले नशे की लत छुड़ाने के लिए कराया गया था भर्ती, भंगेडी केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल,,
“गले पर मिले गहरे जख्म, पुलिस जांच में जुटी— हत्या या साजिश? पूरे इलाके में सनसनी”
नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती एक युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का खून से लथपथ शव केंद्र के बाथरूम में मिलने के बाद हड़कंप मच गया। मृतक के गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का माना जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि युवक को करीब तीन माह पहले उसके परिजनों ने नशे की लत छुड़ाने के लिए नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। परिवार को उम्मीद थी कि उनका बेटा यहां इलाज के बाद सामान्य जीवन में लौट आएगा, लेकिन उन्हें उसकी मौत की खबर मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने केंद्र प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुबह केंद्र के कर्मचारियों को युवक काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं दिखाई दिया। तलाश करने पर उसका शव बाथरूम में पड़ा मिला। युवक के गले से काफी खून बह चुका था और पूरा बाथरूम खून से सना हुआ था। घटना के बाद केंद्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद की हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या किसी अन्य मरीज ने की या इसके पीछे कोई और साजिश है। केंद्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
परिजनों का आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। उनका कहना है कि यदि केंद्र प्रशासन सतर्क रहता तो युवक की जान बच सकती थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने नशा मुक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



