अलर्टइन्वेस्टिगेशनउत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरेंऑपरेशन कालनेमिगिरफ्तारी

झबरेड़ा में ‘तंत्र-मंत्र गैंग’ का खौफनाक चेहरा बेनकाब! 3 साल के मासूम का अपहरण कर ले गए थे आरोपी, 20 घंटे में हरिद्वार पुलिस ने बचाई जान,, “शादी समारोह से उठाया गया बच्चा, जंगल-भट्टों के बीच छिपाकर रखने की थी साजिश — पुलिस की घेराबंदी देख मासूम को छोड़ भागे अपहरणकर्ता” “एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चला हाई अलर्ट ऑपरेशन, एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश”

इन्तजार रजा हरिद्वार- झबरेड़ा में ‘तंत्र-मंत्र गैंग’ का खौफनाक चेहरा बेनकाब! 3 साल के मासूम का अपहरण कर ले गए थे आरोपी, 20 घंटे में हरिद्वार पुलिस ने बचाई जान,,

“शादी समारोह से उठाया गया बच्चा, जंगल-भट्टों के बीच छिपाकर रखने की थी साजिश — पुलिस की घेराबंदी देख मासूम को छोड़ भागे अपहरणकर्ता”

“एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चला हाई अलर्ट ऑपरेशन, एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश”

हरिद्वार जिले के झबरेड़ा क्षेत्र में तीन वर्षीय मासूम बच्चे के अपहरण की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मामला सिर्फ अपहरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जांच में सामने आया कि मासूम को कथित तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के लिए निशाना बनाया गया था। इस खुलासे के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। हालांकि हरिद्वार पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 20 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर बड़ी कामयाबी हासिल की।

घटना 14 मई 2026 की है। भगतोवाली झबरेड़ा निवासी एक परिवार शादी समारोह में शामिल था, तभी उनका तीन वर्षीय बच्चा अचानक गायब हो गया। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कोतवाली झबरेड़ा में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अपहरण का मुकदमा दर्ज किया।

मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी ने जिले में अलर्ट जारी कर विशेष टीम गठित की। पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसपी देहात को सौंपी गई। सीआईयू, एसओजी और झबरेड़ा पुलिस की संयुक्त टीमों ने सर्विलांस, मोबाइल लोकेशन और मुखबिर तंत्र के जरिए जांच तेज कर दी।जांच के दौरान पुलिस ने गरजा उर्फ गजे नाम के संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने ऐसा खुलासा किया जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। आरोपी ने कबूल किया कि मासूम का अपहरण तंत्र-मंत्र और कथित जादू-टोने के लिए किया गया था। उसने अपने दो अन्य साथियों की संलिप्तता भी बताई।

इसके बाद पुलिस टीम लगातार दबिश देती हुई सकरपुर गांव से पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची। वहां एक संदिग्ध व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मासूम को वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराई और उसे सकुशल परिजनों को सौंप दिया।मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली, जबकि इलाके के लोगों ने हरिद्वार पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय बाजारों तक पुलिस टीम की चर्चा होती रही।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी गरजा उर्फ गजे पुत्र मक्कू सिंह निवासी सकरपुर जिला मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश को जेल भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। वहीं फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

इस सनसनीखेज वारदात ने समाज में फैले अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र जैसे खतरनाक भ्रमों पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई न करती तो मामला किसी बड़े हादसे में बदल सकता था। फिलहाल हरिद्वार पुलिस की मुस्तैदी से एक मासूम की जिंदगी बच गई और जिले में एक बड़ा अपराध होने से टल गया।

Related Articles

Back to top button