हरिद्वार में मतदाता सूची के महासत्यापन का बिगुल! लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशासन ने किया अलर्ट,, विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बहादरपुर जट्ट में हुई अहम बैठक, घर-घर पहुंचकर हर वोटर का सत्यापन करने के निर्देश,, सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अमित कुमार चंद की दो टूक— निर्वाचन आयोग के निर्देशों में कोताही हुई तो तय होगी जवाबदेही, त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाना प्राथमिकता,,

हरिद्वार में मतदाता सूची के महासत्यापन का बिगुल! लापरवाही बर्दाश्त नहीं, बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशासन ने किया अलर्ट,,
विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर बहादरपुर जट्ट में हुई अहम बैठक, घर-घर पहुंचकर हर वोटर का सत्यापन करने के निर्देश,,
सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अमित कुमार चंद की दो टूक— निर्वाचन आयोग के निर्देशों में कोताही हुई तो तय होगी जवाबदेही, त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाना प्राथमिकता,,
हरिद्वार। जनपद में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को नेहरू मेमोरियल जूनियर स्कूल, बहादरपुर जट्ट में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में बीएलओ और सुपरवाइजरों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि मतदाता सूची के सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं डीईओ बेसिक अमित कुमार चंद ने बूथ संख्या 72 से 90 तक के सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान बीएलओ ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं और चुनौतियों को सामने रखा, जिनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग का लक्ष्य केवल सूची तैयार करना नहीं, बल्कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र प्रविष्टियों को चिन्हित कर सूची को पूरी तरह शुद्ध बनाना है। इसके लिए बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ करना होगा।
बैठक में मौजूद सुपरवाइजरों ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कई क्षेत्रों में मतदाता सत्यापन के दौरान विशेष सतर्कता की आवश्यकता है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि प्रत्येक बूथ पर वास्तविक स्थिति का आंकलन कर रिपोर्ट तैयार की जाए और किसी भी प्रकार की त्रुटि को तत्काल सुधारा जाए।
सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अमित कुमार चंद ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान लोकतंत्र की बुनियाद को मजबूत करने की प्रक्रिया है। इसलिए सभी बीएलओ और सुपरवाइजर निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
बैठक में बीएलओ पर्यवेक्षक मोनिका सैनी, तेलूराम, संजीव कुमार, आशीष कुमार लोहट सहित बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन आशीष कुमार लोहट द्वारा किया गया।
प्रशासन का मानना है कि आगामी दिनों में शुरू होने वाले घर-घर सत्यापन अभियान से मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा, जिससे भविष्य के चुनावों में निष्पक्ष और मजबूत लोकतांत्रिक प्रक्रिया सुनिश्चित होगी।



