BAAZ गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार! फायरिंग कांड का फरार शूटर दबोचा, 5 हजार का इनामी निकला आरोपी,, रानीपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से गैंग में मचा हड़कंप, अप्रैल में BHEL फाउंड्री गेट पर हुई फायरिंग का एक और आरोपी गिरफ्तार,, ऑपरेशन प्रहार के तहत शिकंजा कसता जा रहा पुलिस प्रशासन, कई मुकदमों में वांछित बदमाश को गांधी पार्क के पास से पकड़ा गया,,

BAAZ गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार! फायरिंग कांड का फरार शूटर दबोचा, 5 हजार का इनामी निकला आरोपी,,
रानीपुर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई से गैंग में मचा हड़कंप, अप्रैल में BHEL फाउंड्री गेट पर हुई फायरिंग का एक और आरोपी गिरफ्तार,,
ऑपरेशन प्रहार के तहत शिकंजा कसता जा रहा पुलिस प्रशासन, कई मुकदमों में वांछित बदमाश को गांधी पार्क के पास से पकड़ा गया,,
हरिद्वार में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रानीपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अप्रैल माह में बीएचईएल फाउंड्री गेट के पास हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना में शामिल कुख्यात BAAZ IN HARIDWAR गैंग के एक और शातिर सदस्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 की रात BHEL फाउंड्री गेट के समीप हुई फायरिंग की घटना के बाद कोतवाली रानीपुर में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस पहले ही गैंग के तीन आरोपियों और दो नाबालिगों को अवैध तमंचों एवं चाकुओं के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। इसके बावजूद गैंग का एक सक्रिय सदस्य पुलिस की पकड़ से बाहर था।
रानीपुर पुलिस की टीमों ने लगातार सुरागरसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए फरार आरोपी नितिश पुत्र प्रदीप निवासी ग्राम गंगनोली, थाना लक्सर को सेक्टर-1 गांधी पार्क के पास भगत सिंह चौक से धर दबोचा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार नितिश कोई मामूली अपराधी नहीं है। उसके खिलाफ बहादराबाद, रुड़की और सिडकुल थानों में कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं, थाना सिडकुल पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया हुआ था। पुलिस का कहना है कि आरोपी संगठित आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है और गैंग के अन्य सदस्यों के बारे में भी उससे पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली रानीपुर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर ली है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग कांड में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की तलाश भी तेजी से जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रानीपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और गैंगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का साफ संदेश है कि कानून से बचकर भागने वाले अपराधियों की अब खैर नहीं, हर वांछित को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।



