उत्तराखंडएक्सक्लूसिव खबरें

हरिद्वार में हनीमून मना रही ‘लेडी डॉन’ गिरफ्तार, इंस्टाग्राम रील बनी गिरफ्तारी की वजह,, मेरठ लूटकांड की कथित मास्टरमाइंड ज्योति चौधरी को सर्विलांस टीम ने दबोचा, सोशल मीडिया एक्टिविटी ने खोला ठिकाना,, दूसरी शादी के बाद पति संग हरिद्वार पहुंची थी आरोपी, पुलिस अब पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी

हरिद्वार में हनीमून मना रही ‘लेडी डॉन’ गिरफ्तार, इंस्टाग्राम रील बनी गिरफ्तारी की वजह,,

मेरठ लूटकांड की कथित मास्टरमाइंड ज्योति चौधरी को सर्विलांस टीम ने दबोचा, सोशल मीडिया एक्टिविटी ने खोला ठिकाना,,

दूसरी शादी के बाद पति संग हरिद्वार पहुंची थी आरोपी, पुलिस अब पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी

हरिद्वार/मेरठ। मेरठ के चर्चित लूटकांड में फरार चल रही कथित मुख्य आरोपी ज्योति चौधरी उर्फ ‘लेडी डॉन’ को उत्तराखंड के हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी दूसरी शादी के बाद अपने पति के साथ हरिद्वार आई हुई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि इंस्टाग्राम पर लगातार रील और पोस्ट साझा करने की वजह से उसकी लोकेशन ट्रेस हो गई, जिसके बाद मेरठ पुलिस की सर्विलांस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, मामला 12 जून की रात का है। पेटीएम कंपनी के टीम लीडर आकाश शर्मा से सरधना थाना क्षेत्र के रार्धना-पाली कांवड़ पटरी मार्ग पर कथित रूप से लूट की वारदात हुई थी। आरोप है कि बदमाशों ने उनसे मारपीट कर बाइक और मोबाइल लूट लिया। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सामान बरामद किया जा चुका था, जबकि ज्योति चौधरी फरार चल रही थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि फरारी के बीच आरोपी सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय थी। वायरल रील में उसने फिल्मी डायलॉग बोलते हुए पुलिस को चुनौती देने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स और तकनीकी इनपुट के आधार पर निगरानी बढ़ा दी।

पुलिस का कहना है कि इसी दौरान जानकारी मिली कि ज्योति ने हाल ही में दूसरी शादी की है और अपने पति मोहित नागर के साथ हरिद्वार पहुंची हुई है। हरिद्वार से लगातार अपलोड हो रही रील्स और पोस्ट के आधार पर सर्विलांस टीम ने उसकी लोकेशन चिन्हित की और कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर मेरठ ले गई।

पूछताछ में पुलिस को उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी पहले भी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के संपर्क में रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि उसके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा किन-किन वारदातों में उनकी भूमिका रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट तथा संपर्कों की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मेरठ पुलिस की इस कार्रवाई को तकनीकी सर्विलांस और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग की बड़ी सफलता माना जा रहा है। हालांकि मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों का सत्यापन कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

Related Articles

Back to top button